
अमेरिका लगातार दुनिया के कई देशों के अवैध प्रवासियों को वापस भेज रहा है। इसमें भारतीय भी शामिल हैं। हाल ही में व्हाइट हाउस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें अवैध प्रवासियों को हथकड़ियों और बेड़ियों में जकड़कर विमान में चढ़ते हुए दिखाया गया है। 41 सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे डिपोर्ट किए गए प्रवासियों को भेजने की तैयारी की जा रही है। वीडियो अमेरिका के सिएटल का है। इस वीडियो में ये नहीं बताया गया कि ये किस देश के अप्रवासी नागरिक हैं।
व्हाइट हाउस ने इस वीडियो का कैप्शन दिया है- “ASMR: इलीगल एलियन डिपोर्टेशन फ्लाइट”
ये कैप्शन एक तरह से अमेरिका से निकाले गए लोगों का मजाक उड़ाने जैसा है क्यों कि ASMR वो आवाजे हैं जो तनाव कम करती हैं और दिमाग को सुकून देती हैं।
एलन मस्क की प्रतिक्रिया
चुनाव के समय से ही एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है। इसके अलावा उन्होंने अवैध प्रवासियों को देश से निकालने का भी समर्थन किया था। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स के मालिक एलन मस्क ने लिखा, ‘HAHA WOW’
व्हाइट हाउस द्वारा जारी इस वीडियो पर भारत में तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इसे भारत का अपमान बताते हुए कहा,
“अमेरिका हर दिन भारत का अपमान कर रहा है। White House हाथ में हथकड़ी पैरों में बेड़ियां डालकर भारतीयों की तस्वीर जारी कर रहा है। महामानव की महाचुप्पी देश को परेशान कर रही है। 144 करोड़ भारतीयों का रहनुमा इतना संवेदनहीन कैसे हो सकता है? मोदी के मुंह से विरोध का एक शब्द क्यों नहीं?”
इस घटनाक्रम ने भारत में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गहन चर्चा को जन्म दिया है, जिसमें अमेरिका के इस रवैये की आलोचना की जा रही है।