तीसरे चरण के लिए आज थम जाएंगे प्रचार, दांव पर लगी है इन उम्मीदवारों की साख
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब पहले और दूसरे चरण के बाद तीसरे चरण के मतदान होने हैं। 20 फरवरी को यूपी में 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होनी है, जिसके लिए चल रहे सारे प्रचार प्रसार को आज शाम 6 बजे तक बंद कर दिया जाएगा। करहल सीट के वजह से यूपी की दो बड़ी पार्टिययां बीजेपी और सपा के लिए यह चरण बहुत अहम है। पिछले विधानसभा के आकड़ों के अनुसार बीजेपी ने 2017 के चुनाव में इन 59 में से 49 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, सपा-कांग्रेस गठबंधन को 9 सीट मिली थीं।
इन जिलों में होंगे तीसरे चरण के चुनाव
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल के मुताबिक इस चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होगा। तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में चुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इस चरण में 2.16 करोड़ मतदाता वोट करेंगे। वहीं, 627 प्रत्याशी चुनावी मैदान में खड़े होंगे। इस चरण में सबकी नजर मैनपुरी, कानपुर, इटावा पर टिकी हुई है।
इन उम्मीदवारों की साख है दांव पर
इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव का नाम प्रमुख है। वह मैनपुरी जिले की करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बीजेपी के केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल करहल सीट पर सपा के प्रमुख को टक्कर देंगे। योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री सतीश महाना कानपुर की महराजपुर, रामनरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव और नीलिमा कटियार कल्याणपुर से चुनाव मैदान में हैं। अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव भी इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कानपुर की किदवईनगर सीट से वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कपूर चुनाव मैदान में हैं। फर्रुखाबाद सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। बसपा छोड़कर बीजेपी में आए विधायक रामवीर उपाध्याय हाथरस की सादाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...