
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी में ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस को एसी हेलमेट वितरण किया, ताकि गर्मी या धूप से उनका बचाव हो सके। सीएम योगी ने गुरुवार को खुद अपने हाथों से ट्रैफिक पुलिसकर्मी को एसी हेलमेट पहनाकर इस पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कानून का राज सुशासन की पहली शर्त है। इसके लिए सुरक्षा व संरक्षा का बेहतर वातावरण होना चाहिए। सुरक्षा का वातावरण राज्य का दायित्व है।
सीएम योगी ने अपने हाथों से पहनाया एसी हेलमेट
बता दें कि कानपुर ट्रैफिक पुलिस की ओर से कर्मचारी कल्याण के लिए एसी हेलमेट बांटने की पहल की गई। इसका निर्माण हैदराबाद की कंपनी ने किया है। कानपुर मेट्रो में काम कर रही एफकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर ने कानपुर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए सीएसआर गतिविधि के माध्यम से सहयोग दिया है। सीएम ने कानपुर ट्रैफिक पुलिस के आरक्षी सुगौरव तिवारी को हेलमेट पहनाया।
ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिस को मिलेगी राहत
सीएम ने कहा कि गर्मी के नए रिकॉर्ड टूटे हैं। अंतिम चरण की चुनाव ड्यूटी के लिए जब पुलिस व कर्मचारी प्रस्थान कर रहे थे, तो एक ही दिन में दर्जनों मौतें हुईं। उस समय तापमान बहुत अधिक था। लू-भीषण गर्मी में भी यूपी पुलिस लोगों को बेहतर सुविधा देती है। ट्रैफिक पुलिस के जवान चौराहे पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करते है। कई बार ऐसा करते-करते जवान बेहोश हो जाते हैं या कोई अप्रिय घटना हो जाती है। यह एसी हेलमेट कुछ हद तक मदद करने में सहभागी बनेगा। सीएम ने कहा कि कानपुर कमिश्नरेट पुलिस का यह प्रयास सराहनीय है।
अहमदाबाद, गुजरात में सफल ट्रायल के बाद यूपी में पहली बार कानपुर के 7 चौराहों पर कर्मियों को एसी हेलमेट दिए गए।
इसके बाद लखनऊ के दो चौराहों पर इसे ट्रैफिक कर्मियों को पहनाया गया था। परिणामस्वरूप ट्रैफिक कर्मियों ने इसे काफी सहायक बताया था। इस खास हेलमेट का निर्माण हैदराबाद की एक कंपनी ने किया है।
एसी हेलमेट की खूबियां
इस एसी हेलमेट को एक बार चार्ज होने के बाद आठ घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इस हेलमेट में जहां मोटर लगी है, वहीं सिर के समीप पंखा है। आंखों के पास कवर है। फिलहाल 12-16 हजार रुपये के बीच इस एसी हेलमेट की कीमत रखी गई है। इस हेलमेट का उपयोग सर्दी और गर्मी दोनों ही मौसमों में किया जा सकता है। इसमें एक बैटरी लगी है। एक बार चार्ज करने पर यह 8 घंटे तक चलेगी। हेलमेट की बैटरी दो से तीन साल तक चलेगी।


