
भव्य-दिव्य राम मंदिर में विराजमान राम लला के दर्शन की चाह लिए भक्त नित्य खिचें चले आ रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के साढ़े आठ माह बीतने के बाद भी भक्तों की आतुरता साफ परिलक्षित हो रही है। अब भी प्रतिदिन 70 हजार से अधिक भक्त रामलला की चौखट पर आस्था अर्पित कर रहे हैं। बीते आठ दिनों की दर्शनार्थियों की संख्या देखें तो लगभग पांच लाख 81 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया है। दशहरा व दिवाली का पर्व पड़ने के कारण दर्शनार्थियों की संख्या और बढ्ने की उम्मीद है।
रामजन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने के बाद से हर किसी में एक बार अपने आराध्य के दर्शन की उत्कंठा रही है। इसी कारण जनवरी से मई माह तक प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख तक भक्त यहां पहुंच रहे थे। इसके बाद के दिनों में रामभक्तों की संख्या अपेक्षाकृत कुछ कम जरूर हुई पर साढ़े आठ माह बाद भी दर्शनार्थियों में गज़ब का उत्साह स्पष्ट दिखता है। प्रतिदिन देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु राम मंदिर में पहुंच रहे है। हर दिन पांच- छह समूह ऐसे होते हैं जिनमें बड़ी संख्या दर्शनार्थी विभिन्न प्रान्तों से अयोध्या धाम पहुंचते हैं। दूसरे देशों के भक्त भी निरंतर दर्शन करते दिखते हैं। राम मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचते ही जैसे श्रद्धालुओं को रामलला की पहली झलक दिखती है तो उनकी उत्सुकता चरम पर पहुंच जाती है। वह जय श्री राम का उद्घोष करने लगते हैं।
साल दर साल बढ़ रही पर्यटकों की संख्या
पर्यटन विभाग के आंकड़ों को देखा जाय तो 2017 में जबसे दीपोत्सव प्रारंभ हुआ है, उसके बाद से श्रीराम की नगरी में भक्तों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। 2017 में कुल 1,78,57,858 श्रद्धालुओं ने रामनगरी में दर्शन-पूजन किया। इनमें 1,78,32,717 भारतीय एवं 25,141 विदेशी शामिल हैं। वहीं 2018 में 1,95,34,824 भारतीय एवं 28,335 विदेशी नागरिकों ने रामनगरी में दर्शन किया। इस प्रकार कुल मिलाकर 1,95,63,159 श्रद्धालुओं ने वर्ष 2018 में अयोध्या में दर्शन-पूजन किया।
ऐसे ही वर्ष 2019 में 2,04,63,403 भारतीय एवं 28,331 विदेशी को मिलाकर कुल 2,04,91,724 श्रद्धालुओं ने अयोध्या में दर्शन किया। वर्ष 2020 में कोरोना के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखने को मिली और 61,93,537 भारतीय एवं 2,611 विदेशी मिलाकर कुल 61,96,148 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। वहीं वर्ष 2021 में 1,57,43,359 भारतीय एवं 431 विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या में दर्शन पूजन किया। 2021 में कुल 1,57,43,790 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए आए।
इसी क्रम में वर्ष 2022 में 2,21,12,402 भारतीय एवं 26,403 विदेशी पर्यटक अयोध्या पहुंचे। कुल मिलाकर 2,21,38,805 श्रद्धालु 2022 में अयोध्या दर्शन के लिए यहां पहुंचे। वर्ष 2023 में यह संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। 2023 में वर्ष भर में कुल 5,75,15,423 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। इनमें 5,75,07,005 भारतीय श्रद्धालु व 8418 विदेशी श्रद्धालु शामिल रहे।