जनता दर्शन में भीड़ देख अधिकारियों पर भड़के सीएम योगी, जानिए क्या कहा
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता दर्शन में राज्य के नागरिकों की समस्या सुनने पहुंचे। इस बार भी हमेशा की तरह जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। जनता दर्शन में लगभग 200 फरियादी पहुंचे। सीएम योगी जनता दर्शन में इतनी भीड़ देखकर नाराज हुए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर इन लोगों की सुनवाई कार्यालयों व थानों पर होती तो लोग यहां नहीं आते। उन्होंने अधिकारियों से अपनी इस प्रवृत्ति को खत्म करने की हिदायत दी है।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को करीब सवा आठ बजे हिंदू सेवा आश्रम में जनता दर्शन के लिए पहुंचे। एक-एक कर मुख्यमंत्री योगी सभी के पास पहुंचे। उनकी समस्याओं के बारे में जाना। मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए उन्हें तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में इस बार सर्वाधिक मामले भूमि पैमाइश, सीमांकन और पुलिस में दर्ज मुकदमों की विवेचनाओं में लापरवाही के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी न होने को लेकर रहीं, कुछ पारिवारिक विवाद के मसले भी मुख्यमंत्री के सामने आए।
इतना ही नहीं जनता दर्शन के दौरान कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री से आर्थिक मदद की मांग की वहीं, कुछ ने नौकरी लगवाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने उनका आवेदन लेकर मदद करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम विजय किरण आनंद, डीआईजी, एसएसपी डॉ. विपिन टाडा और एसपी सिटी विश्नोई मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...