अब यूपी के सभी स्टेट हाईवे पर चलेगीं प्राइवेट बसें

उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी स्टेट हाईवे में बसों के आने जाने के लिए रास्ता साफ कर दिया है। अब इसमें प्राइवेट बस ऑपरेटर या फिर परिवहन निगम परमिट लेकर बसें संचालित कर सकेंगे। अभी तक परिवहन विभाग ने प्रदेश में केवल 35 हजार किलोमीटर मार्ग निर्धारित किया था लेकिन अब 2.27 लाख किलोमीटर मार्ग निर्धारित किया गया है।
15 हजार किलोमीटर मार्ग निर्धारण पिछले वर्ष योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद हुआ, जबकि 20 हजार किलोमीटर मार्ग निर्धारण पिछले 20 वर्ष में हुआ था। अब प्रदेश सरकार ने एक साथ 2.27 लाख किलोमीटर मार्ग निर्धारण कर दिया है। ऐसे में अब पीडब्लूडी के सभी स्टेट हाईवे इसमें शामिल हो गए हैं। एक साथ बचे हुए सभी स्टेट हाईवे का मार्ग निर्धारण कर दिया गया है। इससे न सिर्फ राजस्व का फायदा होगा बल्कि आने-जाने के लिए अच्छी बसों की सुविधा मिल सकेगी। इन मार्गों पर बसों के संचालन के लिए कोई भी परमिट ले सकता है।
अभी तक मार्ग तय न होने के कारण इसमें वैध रूप से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था। प्रदेश सरकार ने 2.27 लाख किलोमीटर मार्ग निर्धारित किया है। हालांकि सरकार ने इसे राष्ट्रीयकृत मार्ग घोषित नहीं किया है। राष्ट्रीयकृत मार्ग घोषित होने पर वहां केवल परिवहन निगम की बसें ही संचालित हो पाती हैं। उनमें दूसरे बस संचालक अपनी बसें नहीं चला सकते हैं। प्रदेश सरकार मार्ग तय करने के बाद अब ऑनलाइन परमिट देने की तैयारी कर रही है। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लखनऊ से कर दी गई है। लखनऊ का प्रयोग सफल होने के बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
