
अगर आप उत्तर प्रदेश में हैं तो आज से फिर आपको सावधान रहने की जरूरत है। दरअसल उत्तर प्रदेश में आज से फिर तापमान चढ़ेगा। हीट वेव परेशान करेगी और गर्मी एक बार फिर हाल बेहाल करेगी। लखनऊ मौसम केंद्र ने हीट वेव और वॉर्म नाइट का अलर्ट एक बार फिर जारी किया है।
लखनऊ में पिछले 24 घंटे के दौरान रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। आने वाले चार दिनों में मौसम ऐसा ही रहेगा। पूरे प्रदेश का तापमान और बढ़ेगा। खास तौर पर लखनऊ और कानपुर में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि प्रयागराज, आगरा, बुंदेलखंड और झांसी में हीट वेव का असर देखने के लिए मिलेगा। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अगले 4 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
इन जिलों में चढ़ेगा पारा
लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बलिया चुर्क, बहराइच,फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़ और बस्ती में आज से बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, आगरा और बुंदेलखंड आज पूरे उत्तर प्रदेश में गर्म रहेंगे. यहां का अधिकतम तापमान आज भी 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। आज से अगले पांच दिनों के लिए यहां हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है।
इन जिलों में आज से बढ़ेगी गर्मी
उरई, हमीरपुर, बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और इटावा आजमगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, बाराबंकी, कन्नौज और हरदोई में आज तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। यहां का न्यूनतम तापमान भी 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।