
माध्यमिक स्कूलों के छात्रों की साल में एक छुट्टी और बढ़ाई गई है। अब माध्यमिक स्कूलों के छात्रों को इस साल से बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी भी मिलेगी। इस साल 12 मई को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश रहेगा। बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी को मिलकर अब छात्रों को साल में 119 छुट्टियां मिलेगी। माध्यमिक स्कूलों में 21 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
वहीं बोर्ड परीक्षा के लिए 12 दिन आरक्षित है और कुल 234 कार्य दिवस होंगे। विभाग की ओर से जारी कैलेंडर में पिछले साल की तरह विवाहित महिला शिक्षिकाओं को करवाचौथ का अवकाश मिलेगा। जबकि क्षेत्र विशेष में हरितालिका तीज, हरियाली तीज, संकठा चतुर्थी, ललई छठ, जियूतिया व्रत के लिए महिला शिक्षिकाओं को उनके प्रर्थना पत्र के आधार पर प्रधानाचार्य कोई दो छुट्टी दे सकेंगे।
तीन दिन का विवेकाधीन अवकाश
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ महेंद्र देव ने कहा है कि विशेष परिस्थितियों में प्रधानाचार्य तीन दिन का विवेकाधीन अवकाश दे सकेंगे। राष्ट्रीय पर्व पर विध्यालयों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शोक सभा केवल विध्यालयों मे कार्यरत शिक्षक, कर्मचारियों व छात्र-छात्रा के निधन पर ही होंगी। शोक सभा अंतिम घंटे में की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा है कि महापुरुषों, स्वाधीनता आंदोलन के क्रांतिकारियों, समाज सुधारकों के जन्मदिवस पर विद्यालयों में कम से कम एक घंटे गोष्ठी, सेमिनार का आयोजन करें। छात्रों को ऐसे लोगों के व्यक्तित्व, कृतित्व व जीवन के प्रेरक प्रसंगों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा है कि यदि किसी कारण से या रविवार का अवकाश है तो महापुरुषों से जुड़े आयोजन एक दिन बाद किए जाएं।


