
लखनऊ में स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी का शो रद्द कर दिया गया है। यह फैसला उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की आपत्ति के बाद लिया गया। अपर्णा यादव ने शो को लेकर अश्लीलता और अमर्यादित भाषा पर सवाल उठाए थे और इसकी अनुमति रद्द करने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की एनओसी नहीं मिलने के बाद ये कदम उठाया गया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को दोपहर और शाम के समय कार्यक्रम आयोजित होना था। हालांकि शो शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही उनके कार्यक्रम को रद किये जाने की सूचना मिल रही है।
दरअसल शुक्रवार को यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार को पत्र लिखा था। इसमें अपर्णा यादव ने बताया कि लखनऊ में अनुभव सिंह बस्सी के शो की बुकिंग चल रही है, उनका अश्लील कंटेंट होता है। लोगों की हंसने के नाम पर अश्लील टिप्पणियां होती हैं। भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 में साफ है कि अश्लीलता कानूनी अपराध है। मुझे नहीं लगता कि इस तरह के शो होने चाहिए। इस संबंध में अपर्णा ने सीएम योगी से मिलकर बात करने के कहा था। साथ ही कहा कि ये भी देखा गया है कि महिलाओं को लेकर वह अपने शो में अभद्र टिप्पणी करते हैं।
बता दें, कॉमेडियन समय रैना और उनके शो इंडियाज गॉट लेटेंट में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के अश्लील कमेंट का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब उनके विवाद का असर बाकी कलाकारों पर भी पड़ता दिख रहा है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कॉमेडियन बस्सी के दो शो थे, पहला 3 बजे और दूसरा 7 बजे से शुरू होना था। हालांकि अपर्णा यादव के विरोध जताने के बाद पुलिस ने शो की अनुमति नहीं दी है। एनओसी नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंची बस्सी की टीम को एलडीए के अधिकारियों को वापस लौटा दिया गया है।