ट्रेनी नौकरशाहों से मिले सीएम योगी, बताया कैसे करना है काम

ट्रेनी नौकरशाहों से सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात कर उनको यह याद दिलाने की कोशिश की कि वे सेवक हैं, शासक नहीं। 2020 के ट्रेनी आईएएस अफसरों से योगी ने कहा, इस मनोभाव से काम करेंगे तो आपके हाथ से हमेशा न्याय होगा। हमारा और आपका काम व्यवस्था को बेहतर बनाकर जनता तक सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।
भावी अफसरों से सीएम की मुलाकात लोक भवन में हुई। इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया, लेकिन इसका उद्देश्य बड़े पद पाने जा रहे अफसरों का शिष्टाचार सिखाना भी रहा। सीएम ने कहा, आईएएस अधिकारी प्रशासनिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में इन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशासनिक अधिकारी सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें। उनके लिए यह सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल सेवाकाल में, बल्कि जीवन में भी उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी संवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी है कि अधिकारी तमाम विषयों और मुद्दों से भली-भांति परिचित हों। उन्हें अपने दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन करने के लिए परिश्रमी और तेजी से फैसले लेने में भी सक्षम होना चाहिए। साथ ही, मामलों का निस्तारण पारदर्शी तथा समयबद्ध ढंग से किया जाना चाहिए। सुशासन के लक्ष्य की पूर्ति के लिए सुदृढ़ कानून व्यवस्था आवश्यक है।
पांच साल में किस तरह उन्होंने यूपी से माफियाराज को खत्म किया, इसके बारे में भी ट्रेनी अफसरों को जानकारी भी दी गई। सीएम ने कहा, कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में प्रशासनिक अधिकारियों की प्रभावी भूमिका होती है। कभी-कभी एक छोटी सी घटना भी बड़े विवाद का रूप ले लेती है, जिसे प्रारंभिक चरण में ही संवाद के माध्यम से निस्तारित कर लेना चाहिए। लोकतंत्र में जन आकांक्षा एवं जन आस्था का सम्मान आवश्यक है।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
टेक्नोलोजी
अन्य खबरें
Loading next News...
