नए साल की पहली सुबह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक परिवार की हत्या से शुरू हुई। राजधानी में माँ के साथ चार बेटियों के मर्डर की खबर है। बेटे पर ही माँ और चारों बहनों की हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस इसकी वजह पारिवारिक कलह बता रही है। पुलिस ने बेटे को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि ऐसी क्या वजह थी कि बेटे ने अपनी ही माँ और चार बहनों की हत्या कर दी। बेटे ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। ये परिवार आगरा का रहने वाला है। ये परिवार किस कारण से लखनऊ आया था अभी इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है। 24 साल के बेटे का नाम अरशद है।
होटल में की हत्या
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि ये परिवार आगरा जिले के कुबेरपुर का रहने वाला है। आगरा के टेड़ी बगिया क्षेत्र के इस्लाम नगर के रहने वाले 24 साल के अरशद ने यह खूनी खेल खेला। सनसनीखेज हत्याकांड में हैरान करने वाली बात ये है कि चार बेटियों में से दो नाबालिग हैं। जबकि, दो की उम्र 18 और 19 साल है। लखनऊ के होटल शरनजीत में इन पांच हत्याओं से पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
बताया गया है कि अरशद अपने पिता, मां आस्मा और चार बहन आलिया (9), अल्शिया (19), अक्सा (16) और रहमीन (18) के साथ लखनऊ के नाका थाना इलाके के होटल शरनजीत में रुका हुआ था। अरशद ने देर रात में पारिवारिक विवाद में सामूहिक हत्याकांड को अंजाम दिया। पिता कहां है, उसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। वहीं इस हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद अरशद के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी पहुंची है।
12 दिन पहले घर से गया था परिवार
पड़ोसियों के अनुसार अरशद दिल्ली वाले के नाम से मशहूर है। उसकी बहन और मां भी किसी से मतलब नहीं रखती थीं। बताया जा रहा है कि यह परिवार 12 दिन पहले घर से गया था। दो-दो महीने के लिए पूरा परिवार कहीं भी गायब हो जाता था। वैसे अरशद के काम के बारे में किसी को भी स्पष्ट पता नहीं है, लेकिन वो शुरूआत में फेरी लगाने का काम करता था। उसके बाद में उसने वो काम भी छोड़ दिया। अरशद के बारे में चर्चा तो ये भी है कि पूर्व में उसने अपनी एक बेटी को मार डाला था। उसकी पत्नी कहां गई, किसी को जानकारी नहीं है। मोहल्ले के लोग भी उसके अजीबो गरीब व्यवहार के चलते उससे कम ही बातचीत करते थे। ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार ने कहा कि 5 लोगों के शव मिले हैं, चार लड़कियां और उनकी मां है। होटल स्टाफ ने बताया कि वे 30 दिसंबर को यहां आए थे और उनके भाई, पिता भी वहां थे। मामले की आगे जांच की जा रही है।