
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर आभार प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के मुद्दों और कृषि क्षेत्र को लेकर सरकार की नीतियों और विकासकार्यों को खुलकर सामने रखा। उन्होंने विपक्षी दलों कांग्रेस, सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हम फसलों पर एमएसपी दे रहे हैं और किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार प्रतिबद्ध है। पीएम के संबोधन के दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। पीएम मोदी ने लोकसभा में हाथरस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी यूपी सरकार से संपर्क में हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हम 4 करोड़ गरीबों के घर बना चुके हैं, 3 करोड़ और घर बनाकर जरूरतमंदों को देंगे। उन्होंने आगे कहा कि 10 साल में हमने सेल्फ हेल्प ग्रुप के जरिए देश की बहनों को एंटरप्रेन्योर के क्षेत्र में आगे ले जाना चाहते हैं। हम बहुत कम समय में 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लेकर चल रहे हैं। हमारे तीसरे टर्म का मतलब है कि हम तीन गुना तेज गति से काम करने जा रहे हैं।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। इतने कम समय में इतने लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का ये सफल प्रयास इस चुनाव में हमारे लिए आशीर्वाद का कारण बना है। हम 2014 में जब पहली बार जीतकर आए थे तो चुनाव के अभियान में कहा था कि हमारा करप्शन के प्रति जीरो टॉलरेंस रहेगा। आज मुझे गर्व है कि हमारी सरकार में देश का सामान्य मानव जो करप्शन के कारण पीड़ित था। ऐसे में भ्रष्टाचार के प्रति हमारी जो जीरो टॉलरेंस नीति है आज देश ने हमें उसके लिए आशीर्वाद दिया। आज दुनियाभर में भारत की साख बढ़ी है।
गांव के जीवन में गरिमा भी होती है
विकसित भारत का सीधा-सीधा लाभ हमारे देश के नागरिकों की गरिमा, क्वालिटी ऑफ लाइफ में सुधार, स्वाभाविक रूप से भाग्य में आता है। आजादी के बाद सामान्य नागरिक इन चीजों के लिए तरसता रहा है। हमारे गांव, शहरों की स्थिति में भी बहुत बड़ा सुधार होता है। गांव के जीवन में गरिमा भी होती है, विकास के नए अवसर भी होते हैं। दुनिया की विकास यात्रा में भारत के शर भी बराबरी करेंगे, ये हमारा सपना है। विकसित भारत का मतलब होता है कोटि-कोटि नागरिकों को अनेक अवसर उपलब्ध होते हैं और वो अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे सकता है। देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि विकसित भारत के जिस संकल्प को लेकर हम चले हैं, उसकी पूर्ति के लिए हम भरसक प्रयास करेंगे, पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। हमारे समय का पल-पल, शरीर का कण-कण विकसित भारत के सपने को साकार करने में लगाएंगे। हम उस काम को अवश्य पूरा करेंगे।
झूठ बोला गया कि MSP नहीं दिया जा रहा – पीएम मोदी
ईवीएम को लेकर झूठ, आरक्षण को लेकर झूठ, राफेल को लेकर झूठ, बैंकों को लेकर झूठ, कर्मचारियों को भड़काने का प्रयास हुआ। कल सदन को भी गुमराह करने का प्रयास हुआ। कल अग्निवीर को लेकर झूठ बोला गया। झूठ बोला गया कि एमएसपी नहीं दिया जा रहा है। संविधान की सीमा से खिलवाड़, ये सदन का दुर्भाग्य है। जो दल 60 साल तक यहां बैठा है, जो सरकार के काम को जानता है, जिसके पास अनुभवी नेता हैं वे जब अराजकता के रास्ते पर चले जाएं तब देश गंभीर संकट की तरफ जा रहा है। इसका सबूत मिल रहा है।
भारत को ग्रीन हाईड्रोजन बनाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं
पीएम मोदी ने कहा कि ये युग ग्रीन युग है। हमने रिन्यूएबल एनर्जी का भारत पॉवरहाउस बने उस दिशा में हमने कदम उठाए हैं। भविष्य ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ा है, ईव्हीकल से जुड़ा है। भारत को ग्रीन हाईड्रोजन बनाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं।