आईएएस अधिकारी डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा दें: पीएम

भीम ऐप के जरिये लेन-देन को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर ध्यान देने को कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज युवा आईएएस अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने और 2022 तक स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिये उस दिशा में काम करने का आह्वान किया। पीएमओ के एक बयान के अनुसार साल 2015 बैच के आईएएस अधिकारियों को यहां संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उनसे जीएसटी को ठीक से लागू करने, डिजिटल लेन-देन और खासतौर पर भीम ऐप के जरिये लेन-देन को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर ध्यान देने को कहा।
पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर
पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर तोड़ा है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ और भीबंर सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स बीएसएफ कैंपों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। खबर के मुताबिक, मंगलवार आधी रात से पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की जा रही है। भारतीय सेना भी पाकिस्तानी रेंजर्स का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। इससे पहले 21 सितंबर को जम्मू के साम्बा सेक्टर के अरनिया में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान ने 6 दिनों के अंदर तीसरी बार सीजफायर का उल्लंघन किया है।
भारत ने अफगानिस्तान में सेना भेजने से किया इंकार
अमेरिकी रक्षा सचिव जेम्स मैटिस ने मंगलवार को भारतीय रक्षामंत्री निर्मला सीतारमन से मुलाकात की। दोनो देशों के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही भारत ने अफगानिस्तान में अमेरिकी सेनिकों की संख्या में वृद्धि करने के लिए अपने सैनिकों का योगदान देने से इनकार कर दिया।
आईएएस अनुराग तिवारी की हुई थी हत्या
कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी की मौत के मामले में नई जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम में साफ हुआ है कि अनुराग तिवारी की मौत हॉर्ट अटैक से नहीं हुई थी बल्कि एक हत्या थी। इस रिपोर्ट के बाद हार्ट अटैक वाली बात सिरे से खारिज हो जाती है। अनुराग के घर वालों ने पहले ही आशंका जताई थी कि आईएएस अनुराग की हत्या हुई है।
सऊदी अरब में पहली बार महिलाएं चला सकेंगी कार
सऊदी अरब में पहली बार महिलाओं को ड्राइविंग की इजाजत दी गई है। सऊदी अरब के सरकारी मीडिया के मुताबिक, सऊदी शाह मोहम्मद बिन सलमान ने एक आदेश जारी करते हुए, महिलाओं को ड्राइविंग का अधिकार दिया है। सऊदी शाह सलमान का ये आदेश 24 जून 2018 तक लागू किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब के इस फैसले की तारीफ की है।
जापान ने प्रशांत महासागर में 177 व्हेलों को मारा
मंगलवार को जापान ने कहा कि उसने अपने पूर्वोत्तर तट पर एक वार्षिक अभियान के तहत 177 व्हेलों को मार डाला है। इसके बाद पशु अधिकार कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। देश की मत्स्य पालन एजेन्सी के मुताबिक, जून में बंदरगाह से रवाना हुए तीन पोत शिकार की गईं 43 मिंके व्हेलों और 134 सेई व्हेलों को ले कर लौटे।
श्रीलंका में रोहिंग्या शरणार्थियों पर बौद्ध कट्टरपंथियों ने किया हमला
एक तरफ जहां रोहिंग्या मुस्लिमों पर म्यांमार में अत्याचार की खबरे आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ श्रीलंका में राजधानी कोलंबो के पास भी एक राहत कैंप को निशाना बनाया गया है। बताया जा रहा है कि कट्टर बौद्ध मतावलंबी रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए बनाए गए एक सुरक्षित भवन में घुस गए। इन लोगों ने वहां मौजूद अधिकारियों को मजबूर कर दिया कि वे रोहिंग्या मुस्लिमों को दूसरी जगह भेजें। ये शेल्टर होम संयुक्त राष्ट्र की तरफ से बनाया गया है।
सत्या नडेला ने की 'आधार' की तारीफ
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला का कहना है कि भारत की आधार व्यवस्था विंडोज, एंड्रायड व फेसबुक के विकास के लिए एक बड़ा खतरा है। माइक्रोसॉफ्ट इगनाइट 2017 कांफ्रेंस के दौरान अपनी किताब 'हिट रिफ्रेश' के विमोचन पर उनका कहना था कि भारत जिस तेजी से डिजिटल व तकनीकी युग की तरफ कदम बढ़ा रहा है, वह काबिले तारीफ है।
महिला हॉकी कोच हरेंद्र की नजर 2018 के एशियाड के गोल्ड पर
भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह ने अपने लक्ष्य तय कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारतीय महिलाएं अगले साल होने वाले एशियन गेम्स का खिताब जीतने के साथ ही 2020 टोक्यो ओलिंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लेंगी। हरेंद्र ने कहा कि हमने टीम के लिए छोटे समय और लंबे समय के लक्ष्य तय कर दिए हैं।
ध्यानचंद को भारत रत्न के लिए खेल मंत्रालय ने लिखा पीएमओ को पत्र
खेल मंत्रालय ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने का अनुरोध किया है। ध्यानचंद को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिलाने की मंत्रालय की यह नई कोशिश है। खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उन्होंने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा है। यह पहली बार नहीं है जब खेल मंत्रालय ने ध्यानचंद के लिए भारत रत्न की मांग की है।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
