यूपी में बढ़ी सियासी सरगर्मी, जायजा लेने सहारनपुर जा रहे हैं राहुल

राहुल गांधी हिंसाग्रस्त सहारनपुर के लिए रवाना
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रशासन की मंजूरी के बिना ही शनिवार को हिंसाग्रस्त सहारनपुर जिले के लिए रवाना हो गए। सहारनपुर में जातीय संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए थे। राहुल गांधी वरिष्ठ नेताओं गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर के साथ दिल्ली से रवाना हुए। राज्य प्रशासन द्वारा राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को प्रदेश में लैंड करने की मंजूरी नहीं मिलने के बाद वह सड़क मार्ग से सहारनपुर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेताओं के सहारनपुर दौरे को मंजूरी नहीं देने का आदेश दिया है।
कश्मीर में सुरक्षाबलों, आतंकवादियों के बीच गोलीबारी
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पुलिस का कहना है कि हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर सबजर भट्ट सहित तीन आतंकवादी त्राल के सेमोह गांव में एक घर के भीतर छिपे हैं। त्राल में शुक्रवार शाम को आतंकवादियों ने 42 राष्ट्रीय राइफल्स के गश्ती दल पर हमला किया लेकिन इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और आतंकवादियों को भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मोदी सरकार अब तक की सबसे निर्णायक व पारदर्शी : अमित शाह
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश में अब तक की 'सबसे निर्णायक व पारदर्शी' सरकार है, जिसके कारण पिछले तीन वर्षो में अधिकांश चुनावों में लोगों ने भाजपा के पक्ष में वोट दिया। भाजपा नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीन साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए शाह ने कहा, "मोदीजी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अब तक की सबसे निर्णायक तथा पारदर्शी है।" शाह ने कहा कि भाजपा ने बीते तीन वर्षो में 'भाई-भतीजावाद, जातिगत तथा तुष्टिकरण की नीति से छुटकारा दिला दिया।'
सरां ने मिस्र हमले की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को मिस्र में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई थी। सुरक्षा परिषद की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, परिषद ने इस जघन्य कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है। यह हमला मिन्या में कॉप्टिक ईसाइयों को लेकर जा रही बस पर हुआ। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बयान के हवाले से बताया कि सुरक्षा परिषद ने इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है।
अमेरिका में ट्रेन में चाकू से हमला, 2 मरे
वाशिंगटन। अमेरिका के पोर्टलैंड में एक यात्री रेलगाड़ी में सवार यात्रियों पर चाकू से हमले की घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि हमलावर मुस्लिम विरोधी नारे लगा रहा था। पोर्टलैंड पुलिस प्रवक्ता सार्जेट पीट सिम्पसन ने शुक्रवार देर रात सीएनएन को बताया, "अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या वह चुनिंदा लोगों पर चिल्ला रहा था, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने हमें बताया कि उसने दो लड़कियों को मुस्लिम बताते हुए उन पर हमला किया। इनमें से एक ने हिजाब पहना हुआ था।" यह घटना शुक्रवार शाम को मेट्रोपॉलिटन एरिया एक्सप्रेस (एमएएक्स) रेलगाड़ी में हुई।
बैडमिंटन : सुदीरमन कप में भारत को चीन ने दी मात
गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया)। भारतीय बैडमिंटन टीम एक बार फिर सुदीरमन कप में चीन की चुनौती को पार नहीं कर पाई और शुक्रवार को मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गई। इससे पहले भारतीय टीम 2011 में इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। तब भी चीन ने उसका रास्ता रोका था। भारतीय टीम अपने शुरू के तीनों मैच हार गई। इसके बाद बाकी दो मुकाबलों, महिला एकल वर्ग में पी.वी.सिंधु और महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा-एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी के मैचों से परिणाम पर असर नहीं पड़ना था, इसलिए यह दोनों मुकाबले खेले नहीं गए।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
