जीएसटी को समझने के लिए देशभर में चर्चा हो : मोदी

जीएसटी में पूरी प्रक्रिया आपसी सहमति के आधार पर बनी
देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली 1 जुलाई से लागू होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि लोगों को नई अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था पर चर्चा कर इसे समझने का प्रयास करना चाहिए। मोदी ने यहां इंडिया टुडे कॉनक्लेव को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा, 'मैं चाहता हूं कि पूरे देश में जीएसटी पर चर्चा हो और लोग इसे समझने की कोशिश करें। जीएसटी में पूरी प्रक्रिया आपसी सहमति के आधार पर बनाई गई। राज्यों ने इसका स्वामित्व लिया। यह सहकारी संघवाद का एक उदाहरण है।'
जीएसटी परिषद ने सभी पांच मसौदा विधेयकों को मंजूरी दे दी है, जिसमें यूटीजीएसटी (यूनियन टेरेटरी जीएसटी), सीजीएसटी (केंद्रीय जीएसटी), आईजीएसटी (एकीकृत जीएसटी), मुआवजा और एसजीएसटी (राज्य जीएसटी) शामिल है। इसके बाद नई कर प्रणाली के लागू होने का रास्ता साफ हो गया है और अब इसे संसद की मंजूरी की जरूरत है। इस दौरान एसजीएसटी मसौदा विधेयक को दिल्ली और पुदुच्चेरी से पारित किया जाना बाकी है। यूटीजीएसटी कानून उन केंद्र शासित प्रदेशों के लिए बनाया गया है, जहां विधानसभा नहीं है। ऐसे प्रदेश हैं-अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली।
पार्टी कार्यकर्ता लड़ाई जारी रखें : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं से पंजाब और गोवा में मिली हार के बाद हिम्मत न हारने और दिल्ली निकाय चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा। सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण के जरिए केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। केजरीवाल ने कहा, 'आप सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए इस लड़ाई को लड़ रहे हैं। देश की सभी भ्रष्ट शक्तियां आपके खिलाफ खड़ी हैं। ऐसे समय आएंगे, जब परिणाम आपकी अपेक्षा के विपरीत होंगे। लेकिन मत भूलिए कि अंत में जीत सत्य की ही होती है।' केजरीवाल ने कहा कि गोवा और पंजाब के चुनाव परिणाम अस्थायी झटके हैं और अंतत: हमारी जीत तय है, क्योंकि आप के कार्यकर्ता 'निस्वार्थ भाव से सही उद्देश्यों' के लिए लड़ रहे हैं। दिल्ली के तीनों नगर निगमों में 22 अप्रैल को चुनाव होने हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जी-जान से लगने का आह्वान करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शासित नगर निगम में चीजों को सही करने का यह एकमात्र तरीका है।
आदित्यनाथ के जरिए हिंदुत्व की राजनीति कर रही भाजपा : विपक्ष
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शनिवार को योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री चुनने के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा पर हिंदुत्व की राजनीति को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता संजय झा ने कहा कि यह फैसला 'स्पष्ट' संदेश देता है कि भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। झा ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्विवादित रूप से स्पष्ट संदेश दे दिया है। एक धुर सांप्रदायिक, हिंदूवादी नेता योगी आदित्यनाथ का चयन कर भाजपा साफ-साफ ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है, जिसके स्पष्ट प्रभाव के तौर पर न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश में कट्टर हिदूवादी विचारधारा मजबूत होगी।' उन्होंने कहा, 'इसे इस संदर्भ में भी समझने की जरूरत है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में एक भी मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारा।' तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय ने कहा, 'भाजपा के पास बहुमत है और यह उनका विशेषाधिकार है कि वे किसे अपना मुख्यमंत्री चुनते हैं। लेकिन यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में कट्टर हिंदुत्व की राजनीति करना चाहती है।' मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता वृंदा करात ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) उत्तर प्रदेश को हिंदुत्व परियोजना का केंद्र बनाना चाहता है।
उत्तराखंड : त्रिवेंद्र रावत ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
राष्ट्रीय स्यंवसेवक संघ (आरएसएस) के लंबे समय से कार्यकर्ता रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। रावत उत्तराखंड के नौवें मुख्यमंत्री बने हैं। राज्यपाल कृष्णकांत पॉल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में रावत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, जे. पी. नड्डा और उमा भारती के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता हरीश रावत भी मौजूद थे। रावत के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें सात कैबिनेट स्तर के और दो राज्यमंत्री हैं। कैबिनेट मंत्रियों में सतपाल महाराज, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, प्रकाश पंत, सुबोध उनियाल और प्रवीण पांडे शामिल हैं। जबकि राज्य मंत्रियों में धन सिंह रावत और रेखा आर्य शामिल हैं।
मुस्लिम महिलाओं ने 3 तलाक मुद्दे पर भाजपा को वोट दिया : प्रसाद
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने शनिवार को कहा कि हाल में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा को इसलिए वोट दिया, क्योंकि भाजपा ने तीन तलाक का मुद्दा उठाया। गुजरात राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी अन्य दल या मायावती, डिंपल यादव और प्रियंका गांधी या किसी अन्य महिला नेता ने इस मुद्दे को नहीं उठाया, जिससे मुस्लिम महिलाएं परेशान थीं। रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि इसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि यह मुस्लिम महिलाओं के अधिकार का मुद्दा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'हमने चूंकि उनकी चिंता को अभिव्यक्ति दी, इसीलिए मुस्लिम महिलाओं ने हमें वोट दिया। भाजपा की उत्तर प्रदेश में जीत की यह मुख्य वजह बनी।'
अब भारत में 'रिवर्स ब्रेनड्रेन' का वक्त आ गया है : मुकेश अंबानी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी नीतियों के समर्थन का विस्तार से वर्णन करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने शनिवार को कहा कि अब रिवर्स ब्रेनड्रेन का वक्त आ गया है। अंबानी ने यह बात इंडिया टु़डे कॉनक्लेव के संबोधन में कही। उन्होंने कहा, 'अब वक्त आ गया है कि सबसे प्रतिभाशाली और योग्य दिमाग भारत और भारतीयों के लिए काम करें। बिना किसी शक के हमें अब रिवर्स ब्रेन ड्रेन देखने को मिलेगा।' उन्होंने कहा, 'हम वास्तव में चौथे औद्योगिक क्रांति के मानव इतिहास की शुरुआत में हैं और यह पहली तकनीक आधारित क्रांति है जो मनुष्य होने के नाते हम सभी को प्रभावित करेगी। हमारे कई प्रतिभाशाली लोग देश से बाहर काम कर रहे हैं। अगर वे देश में वापस आते हैं तो वे 1.3 करोड़ लोगों के लिए काम करेंगे और साथ मिलकर विकास का मॉडल लाएंगे।' भारतीय आईटी कंपनियां एच 1-बी वीजा नीति पर ट्रम्प के कठोर विचारों के कारण दबाव में हैं।
मारुति हिंसा : 13 को उम्रकैद, 4 को 5 वर्ष कारावास
हरियाणा की एक अदालत ने शनिवार को मारुति के मानेसर स्थित कारखाने में 2012 में हुई हिंसा और उपद्रव मामले में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के 13 पूर्व कर्मचारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने चार अन्य आरोपियों को पांच वर्ष कारावास की सजा सुनाई। साथ ही अदालत ने कहा कि मामले में आरोपी अन्य 14 व्यक्तियों ने अब तक जितना समय जेल में बिताया है, उनके लिए वह सजा पर्याप्त है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर. पी. गोयल ने 10 मार्च को 31 पूर्व कर्मचारियों को हत्या और हत्या के प्रयास सहित कई अन्य अपराधों में दोषी करार दिया था। मारुति सुजुकी के मानेसर स्थित कारखाने में 18 जुलाई, 2012 को हुई हिंसा में कंपनी के मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक अश्विन कुमार देव की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी, जबकि 50 अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं। अभियोजन और बचाव पक्ष के वकीलों ने शुक्रवार को सजा की अवधि को लेकर बहस की थी।
मनोज तिवारी ने शिक्षिका को अपमानित किया, कार्रवाई हो : आप
आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर मौजूद एक वीडियो में तिवारी एक शिक्षिका को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपमानित करते नजर आ रहे हैं। आप की दिल्ली इकाई के संयोजक दिलीप पांडे ने तिवारी के आचरण को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और दिल्ली महिला आयोग से आग्रह किया है कि वह भाजपा नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। पांडे ने यहां संवददाताओं से कहा, 'वीडियो तीन-चार दिन पुराना लगता है और तिवारी उसमें एक शिक्षिका को अपमानित करते हुए दिखाई देते हैं। उस महिला का गुनाह सिर्फ यह है कि उसने गायक मनोज तिवारी को सम्मान के साथ मंच पर आमंत्रित किया और उनसे कुछ पंक्तियां गाने का आग्रह किया।' पांडे ने कहा, 'सांसद बनने से पहले तिवारी गायक ही थे और जब भी वह सार्वजनिक मंच से लोगों को संबोधित करते थे, अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया करते थे।' पांडे ने आगे कहा, 'लेकिन उस महिला का इस तरह अपमान करना और उसके खिलाफ कार्रवाई की बात करना, वह भी एक उचित अनुरोध पर, यह शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।'
पाकिस्तान में लापता 2 भारतीय मौलानाओं का पता चला
पाकिस्तान में लापता दो भारतीय मौलानाओं का पता चल गया है। सिंध पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को स्थानीय मीडिया को बताया कि दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह के दोनों मौलाना सिंध प्रांत के एक दूरवर्ती गांव में पाए गए। दोनों को कराची भेज दिया गया है, जहां से उन्हें 20 मार्च को भारत को सौंप दिया जाएगा।
11 वर्षीय लड़की ब्रिटेन की सबसे कम उम्र की मां
ब्रिटेन में 11 साल की एक लड़की सबसे कम उम्र की मां बनने वाली है, जो जल्द ही एक बच्चे को जन्म देनेवाली है। पुलिस ने बताया कि इस बच्चे के पिता के बारे में माना जा रहा है कि वह भी होनेवाली मां से कुछ साल ही बड़ा है और नाबालिग है। समाचार पत्र, गार्जियन में शुक्रवार को प्रकाशित खबर में कहा गया है कि कानूनी बाध्यताओं के कारण गर्भवती से जुड़ी पहचान जाहिर नहीं की गई है। वर्तमान में सबसे कम उम्र की मांग ने 12 साल की उम्र में साल 2014 में एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसके पिता की उम्र 13 साल थी। वे ब्रिटेन के सबसे कम उम्र के माता-पिता थे। उनकी बच्ची अपनी 28 वर्षीया दादी के पास पल रही है, जबकि उसकी मां स्कूल में पढ़ाई कर रही है।
चीन ने सोशल मीडिया साइट पिंटरेस्ट को ब्लॉक किया
चीन ने फोटो शेयरिंग वेबसाइट पिंटरेस्ट को ब्लॉक कर दिया है। इस वेबसाइट के 15 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। वेबसाइट ग्रेटफायर, जो चीन में इंटरनेट सेंसरशिप की निगरानी करती है, ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ग्रेटफायर ने कहा कि पहले के वर्षों में पिंटरेस्ट का मुख्य रूप से फोटो साझा करने के लिए उपयोग किया जाता था। कभी-कभी चीन में इसे ब्लॉक किया जाता था और यह खुलता नहीं था। लेकिन पिछले हफ्ते के मध्य से इसे स्थायी रूप से ब्लॉक कर दिया गया है। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, चीन की विधायिका का वार्षिक सत्र, कम्युनिस्ट सरकार की सबसे बड़ी सालाना बैठक है। इस बैठक के दौरान हर साल सेंसरशिप और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के खिलाफ दबाव बढ़ा दिया जाता है। यह बैठक पांच मार्च से 15 मार्च तक आयोजित हो रही है। इस साइट को भी इस बैठक से पहले ब्लॉक कर दिया गया है।
रांची टेस्ट : पुजारा का शतक, कमिंस ने भारत को परेशानी में डाला
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को चेतेश्वर पुजारा छाए रहे। उन्होंने अपनी नाबाद 130 रनों की जुझारू पारी के दम पर भारत को आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बनाए रखा है। आस्ट्रेलिया के 451 रनों के विशाल स्कोर के सामने भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट खोकर 360 रन बना लिए हैं। हालांकि भारत अभी भी पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया से 91 रन पीछे है। स्टम्प्स तक पुजारा के साथ रिद्धिमान साहा 18 रन पर नाबाद लौटे। पुजारा के अलावा लोकेश राहुल (67) और मुरली विजय (82) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत ने दिन की शुरुआत अच्छी की और पहले सत्र में विजय के रूप में एकमात्र विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े। विजय का विकेट गिरते ही भोजनकाल घोषित कर दिया गया। इसके बाद कमिंस ने दूसरे सत्र में भारतीय कप्तान विराट कोहली (6) और अंजिक्य रहाणे (14) और तीसरे सत्र में रविचंद्रन अश्विन (3) का विकेट चटकाकर, जबकि जोस हाजलेवुड ने तीसरे सत्र में ही करुण नायर (23) को पवेलियन लौटा भारत के संघर्ष की धार थोड़ी कुंद जरूर की।
अपनी पारी को अच्छी नहीं मानता : विजय
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने कहा कि वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में खेली गई अपनी 82 रनों की पारी को अच्छा नहीं मानते हैं। विजय का मानना है कि वह इस पारी को और आगे बढ़ा सकते थे। भारत ने तीसरे दिन का समापन छह विकेट के नुकसान पर 360 रनों के साथ किया। वह आस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 451 रनों से अभी भी 91 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने के बाद विजय ने कहा, 'मैं इसे अच्छी पारी में नहीं गिनूंगा, हालांकि मैं विकेट पर लड़ा और यही बात मायने रखती है।' उन्होंने कहा, 'राहुल ने कल अच्छी बल्लेबाजी की थी। मैं उनकी ऊर्जा को अपनाना चाहता था। मैं अच्छी क्रिकेट खेलना चाहता था। आज मैं अपनी पारी को और आगे ले जाना चाहता था।' विजय ने अपनी पारी में 183 गेंदें खेलीं और शतकवीर चेतेश्वर पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की। पुजारा अभी भी 130 रन बनाकर खेल रहे हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी : धौनी का अर्धशतक बेकार, बंगाल फाइनल में
ऊपरी क्रम की शानदार बल्लेबाजी और फिर प्रज्ञान ओझा की (71-5) की फिरकी के दम पर बंगाल ने शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मैच में झारखंड को 41 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फिरोज शाह कोटला मैदान पर बंगाल ने बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर मैन ऑफ द मैच श्रीवत्स गोस्वामी (101), अभिमन्यु ईश्वरन (101) की शतकीय पारियों के बाद अंतिम ओवरों में कप्तान मनोज तिवारी के धुआंधार 49 गेंदों में 75 रनों के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट खोकर 329 रन बनाए थे। झारखंड की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 288 रनों पर ऑल आउट हो गई। झारखंड की तरफ से धौनी के अलावा ईशान जग्गी ने 59 और सौरव तिवारी ने 48 रनों का योगदान दिया। बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी झारखंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और टीम ने 153 के कुल स्कोर तक प्रत्युष सिंह (11), विराट सिंह (24), कुमार देबब्रत (37) और सौरव के रूप में चार अहम विकेट खो दिए थे। यहां से धौनी ने युवा बल्लेबाज जग्गी के साथ पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी की। 62 गेंदों में चार छक्के और दो चौके मारने वाले धौनी ओझा की गेंद पर 250 के कुल स्कोर क्लीन बोल्ड हो गए। आठ रन बाद जग्गी भी पवेलियन लौट गए।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
