सुकमा अटैक का लिया बदला, मार गिराए 20 नक्सली

सुकमा-बीजापुर में 20 नक्सली ढेर
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों की शहादत का बदला ले लिया गया है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार से मंगलवार तक चले नक्सल रोधी अभियान में 20 नक्सलियों के मारे जाने का दावा सुरक्षा अधिकारियों ने किया है। कोबरा बटालियन ने 13-14 मई की रात सुकमा और बीजापुर में ऑपरेशन चलाकर 15 नक्सलियों को ढेर कर दिया। सीआरपीएफ के आईजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के रायगुंडम के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई। इसमें सुरक्षा बलों ने 15 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं, रविवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल का एक जवान शहीद हो गया और दो जवान घायल हो बताए जा रहे हैं।
भाजपा कर रही बदले की राजनीति : ममता
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यहां मंगलवार को भाजपा-नीत केंद्र सरकार पर विरोधी नेताओं के खिलाफ 'बदले की राजनीति' करने का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने यह बात राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के खिलाफ आयकर विभाग और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे के खिलाफ सीबीआई की छापेमारी के संदर्भ में कही। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष का उम्मीदवार तय किए जाने के सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, "बदले की राजनीति की जा रही है। सुबह से जो कुछ किया जा रहा है, हमने उस पर भी चर्चा की। राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक तरीके से लड़ी जानी चाहिए। वे (भाजपा) जिन लोगों को पसंद नहीं करते, उन पर आरोप लगा रहे हैं, उसके खिलाफ छापेमारी करवा रहे हैं, उन्हें जेल भिजवा रहे हैं।"
केंद्र दो नए मंत्रियों को मंजूरी देने में कर रहा विलंब : केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर आप सरकार में दो नए मंत्रियों को शामिल करने के लिए मंजूरी देने में विलंब करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विलंब को 'राजनीतिक बदले' की कार्यवाही कहा। केजरीवाल ने ट्वीट किया है, "केंद्र दो मंत्रियों की फाइल पर 10 दिनों से बैठी हुई है। इससे दिल्ली सरकार के ढेरों काम रुके हुए हैं। आपकी दुश्मनी हमसे है, लेकिन दिल्ली वासियों से अपना बदला मत लीजिए।"
कार्ति की गिरफ्तारी से इनकार नहीं : सीबीआई
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की एक मीडिया कंपनी को एफआईपीबी मंजूरी दिलाने के मामले में गिरफ्तारी से इनकार नहीं किया है। कार्ति के खिलाफ इस मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है और मंगलवार को सीबीआई ने उनके आवास और कार्यालयों पर छापे मारे हैं। सीबीआई के संयुक्त निदेशक विनीत विनायक ने यहां पत्रकारों से कहा, "यह सिर्फ अटकलबाजी है। कानून के मुताबिक और समयानुसार जरूरी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही हमने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।"
बिना ठोस कारण सीबीआई, आयकर विभाग कार्रवाई नहीं करते : जेटली
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) तथा आयकर जैसे विभाग तब तक कोई कार्रवाई नहीं करते, जब तक कोई ठोस आधार या शक करने का कोई कारण उनके हाथ नहीं लगता। संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "जब तक कोई ठोस आधार या शक करने का कोई कारण हाथ नहीं लगता, सीबीआई तथा आयकर विभाग कार्रवाई नहीं करते। अंतत: कार्रवाई का कुछ तो परिणाम सामने आना चाहिए।" जेटली ने कहा, "उच्च पद पर बैठे लोग शेल कंपनियों के माध्यम से संपत्तियां बटोर रहे हैं, जो छोटी बात नहीं है। मुझे लगता है कि कई और लोगों के लिए गिनती करने का समय आ गया है। इन सभी को अलर्ट रहना चाहिए। "
कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी
जम्मू। जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर मंगलवार शाम भारत व पाकिस्तान के सैनिकों के बीच भीषण गोलाबारी एवं गोलीबारी हुई। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने शाम साढ़े छह बजे लाम क्षेत्र में भारतीय ठिकानों पर गोले दागे और गोलीबारी की। एक सूत्र ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार दागे और भारतीय ठिकानों पर स्वचालित हथियारों से निशाना लगाया। हमारी सेना ने पूरी मजबूती से इसका माकूल जवाब दिया। दोनों तरफ से इलाके में गोलीबारी जारी है।"
अफगानिस्तान : सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 32 आतंकवादी मारे गए
काबुल।उत्तरी अफगानिस्तान में तालिबान के हमले विफल करने के लिए सरकारी बलों द्वारा शुरू किए गए अभियान में 32 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। प्रांतीय पुलिस प्रमुख इकरामुद्दीन सरीह ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तरी अफगानिस्तान के बघलान प्रांत के बुर्का जिले में जवाबी हमला शुरू किया गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सरीह ने कहा कि तालिबान विद्रोहियों ने मंगलवार को बुर्का जिले में हमला शुरू किया, लेकिन उनके इस हमले को जवाबी कार्रवाई से नाकाम कर दिया गया, आतंकवादी अपने 32 साथियों के शव छोड़कर भाग गए।
IPL : मुंबई को हराकर पुणे ने दी फाइनल में दस्तक
मुंबई। मनोज तिवारी (58), अंजिक्य रहाणे (56) और महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 40) की संघर्षपूर्ण पारियों के बाद गेंदबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के दम पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस को 20 रनों से मात देकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। वानखेड़े स्टेडियम में खेल गए मैच में पुणे ने मुंबई के सामने जीत के लिए 163 रनों का लक्ष्य रखा था। मुंबई पूरे ओवर खेलने के बाद नौ विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
