सचिन तेंदुलकर को महान बनाने वाले कोच रमाकांत आचरेकर का निधन

विश्व के महान बल्लेबाजों में शुमार सचिन तेंदुलकर के कोच रहे पद्मश्री रमाकांत आचरेकर का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने सचिन के अलावा विनोद कांबली, बलविंदर सिंह संधू, प्रवीण आमरे, समीर दिगे जैसे बल्लेबाजों को कोचिंग दी थी। उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। भारतीय क्रिकेट टीम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सचिन तेंदुलकर व अन्य ने आचरेकर के निधन पर शोक प्रकट किया है।
सचिन तेंदुलकर को महान बल्लेबाज बनाने में रमाकांत आचरेकर का बेहतरीन योगदान रहा है, खुद सचिन भी अपनी सफलता में आचरेकर की भूमिका को बेहद खास मानते रहे हैं। वह मुंबई के शिवाजी पार्क में युवा क्रिकेटरों को प्रशिक्षित के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके परिवार की सदस्य रश्मि दल्वी ने एक न्यूज एजेंसी को फोन पर रमाकांत आचरेकर के निधन की पुष्टि की है।
यह खबर भी पढ़ें- पापा ने बनाई क्रिकेट पिच, बेटी ने टीम इंडिया में सलेक्ट होकर दिखाया
सचिन जैसे महान बल्लेबाज को दी ट्रेनिंग
रमाकांत आचरेकर उस वक्त चर्चा में आ गए थे, जब उनके शिष्य रहे सचिन तेंदुलकर व विनोद कांबली ने वर्ष 1988 में स्कूल क्रिकेट के दौरान 664 रनों की पारी खेलकर नया रिकॉर्ड बना दिया था। उस दौरान सचिन की उम्र 15 व कांबली की 16 साल थी। दोनों ने अपने स्कूल की ओर से खेलते हुए सेंट जेवियर्स के खिलाफ 326 व 349 रनों की पारी खेली थी। दोनों की इस पारी के बाद आचरेकर चर्चा का केन्द्र बन गए थे, उस दौरान तमाम युवा क्रिकेटरों में रमाकांत आचरेकर से कोचिंग लेने की होड़ मच गई थी।
वर्ष 2010 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। साथ ही वर्ष 1990 में द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। 12 फरवरी 2010 को उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के तत्कालीन कोच गैरी कर्स्टन द्वारा 'जीवन भर के अचीवमेंट' से सम्मानित किया गया था। रमाकांत आचरेकर एक ऐसे कोच के रूप में जाने जाते रहे हैं जिन्होंने युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली कॉमनवेल्थ में हुई इस 'घटना' ने दीपा कर्माकर को पहुंचाया बुलंदी पर
प्रधानमंत्री ने भी जताया शोक
कोच रमाकांत आचरेकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने आचरेकर को गुरु परम्परा का प्रकाश स्तम्भ बताते हुए खेद जताया है। प्रधानमंत्री ने उनके निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया है। इसके साथ ही महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भावुक ट्वीट करते हुए उनके निधन पर दु:ख जताया। सचिन ने आचरेकर के साथ अपनी फोटो भी ट्वीट की है। वहीं भारतीय टीम भी आज आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में मैदान पर काली पट्टी बांधकर उतरी है।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
टेक्नोलोजी
अन्य खबरें
Loading next News...
