असम में बाढ़ से भयावह हालात, 2 लाख लोग हुए बेघर
उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में लोग इस समय भीषण गर्मी से परेशान हैं लेकिन पूर्वोत्तर भारत के राज्य असम में लोग बाढ़ और बारिश से हुई तबाही का कहर झेल रहे हैं। असम के 20 जिलों के लगभग 2 लाख लोगों के जीवन पर असर पड़ा है।
हालात ये हैं कि पहाड़ी इलाके में ट्रेन की बोगियां टूटकर बिखर गई हैं। चारों तरफ पानी ही पानी और कीचड़ दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश से आए भूस्खलन से रेल और सड़क संपर्क टूट गया है। सोशल मीडिया पर लोग असम के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
दीमा हसाओ पर्वतीय जिले का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है। मंगलवार सुबह तक कम से कम 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया है कि बाढ़ से होजाई में 78,157 और कछार में 51,357 लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, अकेले कछार में 51,357 लोग प्रभावित हुए हैं. साल की पहली बाढ़ के कारण 46 राजस्व मंडलों के 652 गांवों पर असर पड़ा है और लगभग 17,000 हेक्टेयर फसल भूमि बर्बाद हो गयी है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने जानकारी दी है कि भारी भूस्खलन और लगातार बारिश की वजह से पटरियों पर जलजमाव है। असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी खंड में दो दिनों से दो ट्रेनें फंसी थीं। इसके लगभग 2800 यात्रियों को वायु सेना की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है। दक्षिणी असम, त्रिपुरा और मिजोरम के लिए रेल लिंक पिछले 2 दिनों से बंद हैं।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...