हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हुए चुनाव के नतीजे आज यानि मंगलवार को आएंगे। आज ये तय हो जाएगा इन दोनों राज्यों में किसकी सरकार बनेगी और कौन होगा सूबे का हाकिम। आज दोनों राज्यों के विधान सभा के नतीजे जारी कर दिये जाएंगे। आज कश्मीर के लोगों का पिछले छह साल का इंतजार भी खत्म हो जाएगा। दरअसल पिछले छह साल से कश्मीर के लोग नई सरकार का इंतजार कर रहे थे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि मतगणना स्थलों पर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर यानी दोनों ही जगह 90-90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। जम्मू कश्मीर में तीन फेज (18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर) को वोटिंग हुई थी, तो हरियाणा में सिर्फ एक फेज यानी 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था।
जम्मू- कश्मीर में इससे पहले विधानसभा चुनाव 2014 में हुए थे। इसके बाद वहां पीडीपी और भाजपा गठबंधन की सरकार बनी थी, हालांकि ये सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पायी थी और समय से पहले गिर गई थी। बाद में नंबर 2018 में विधानसभा को भी भंग कर राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। तभी से वहां फिर से चुनाव की मांग उठ रही थी।
आयोग ने दोनों ही राज्यों में मतगणना की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा भी की है। राजनीतिक दलों के दोनों राज्यों के चुनाव काफी अहम है। खासकर हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। पिछले दस सालों से राज्य में जहां भाजपा का कब्जा रहा है, वहीं देखना होगा कि वह अपनी जीत की हैट्रिक लगा पाती है या फिर यहां कांग्रेस अपना झंडा लहराएगी।