पाकिस्तान से खेलने को तैयार हॉकी टीम, कोच हरेंद्र सिंह की होगी परीक्षा

आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन रही भारतीय हॉकी टीम अपने पिछले मुकाबलों को भुलाकर नए कोच के साथ नई उम्मीद के साथ उतरेगी। चैम्पियन ट्राॅफी में भारत का पहला मुकाबला पड़ोसी देश पाकिस्तान से होगा। राष्ट्रमंडल खेलों में खराब प्रदर्शन के बाद कल भारतीय टीम अपना आगाज जीत के साथ करना चाहेगी।
पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी खिताब अपने नाम करने के इरादे से उतरने वाली भारतीय इस बार आखिरी सत्र में यह उपलब्धि अपने नाम करना चाहेगी। बता दें कि एशियाई चैम्पियन भारत ने 36 बार में अभी तक एक भी चैम्पियंस ट्रॉफी नहीं जीती है। इसलिए इस बार के मुकाबले को जीतना टीम के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होगा। वहीं, भारतीय पुरुष टीम के नए कोच बने हरेंद्र सिंह के लिए भी यह मुकाबला काफी अहम होगा। राष्ट्रमंडल के खेल के बाद उनको नियुक्त किया गया है और हॉकी फेडरेशन यही चाहेगी कि हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम बेहतर आगाज करे। बता दें कि राष्ट्रमंडल खेल में खराब प्रदर्शन की वजह से टीम चौथे नंबर पर रही थी। इसके बाद भारतीय टीम के कोच रहे नीदरलैंड के शोर्ड मारिन को हटा दिया गया। अब वो वापस फिर से महिला टीम के कोच के रूप में लौट आए।
इन टीमों के बीच होगा मुकाबला
चैम्पियंस ट्राफी में इस बार दुनिया की 6 शीर्ष टीमों के साथ मुकाबला होगा। पहला मुकाबला भारतीय टीम का पाकिस्तान के साथ होगा। इसके अलावा अन्य टीमों में इस बार ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना, दुनिया की नंबर एक टीम आस्ट्रेलिया, बेल्जियम, मेजबान नीदरलैंड और पाकिस्तान खेल रहे हैं। भारतीय टीम का पाकिस्तान के अलावा अर्जेंटीना (24 जून), आस्ट्रेलिया (27जून), बेल्जियम (28 जून) और नीदरलैंड (30 जून) से खेलेगी। भारतीय हॉकी टीम की इस समय विश्व में छठवीं रैकिंग है। पाकिस्तान इस समय 13वें स्थान पर है। अगर बात दोनों के बीच में मुकाबलों की जाए तो दोनों ही टीमों का सामने में रिकार्ड बराबर रहा है। भारत ने एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में 2016 में फाइनल में पाकिस्तान को कराया था। इसके अलावा लंदन में 2017 हाॅकी विश्व लीग सेमीफाइनल में उसे मात दी और ढाका में एशिया कप में उसे हराकर दस साल बाद खिताब जीता।
सरदार सिंह की टीम में हुई वापसी
सरदार सिंह के बिना राष्ट्रमंडल खेलने वाली भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर से सरदार सिंह को बुला लिया है। बता दें कि गोल्ड कोस्ट में भारत ने सरदार सिंह जैसे सीनियरों को बाहर करके युवाओं को मौका दिया था लेकिन इस मुकाबले को अहम मानते हुए इस बार कोच हरेंद्र कोई प्रयोग करने के मूड में नहीं है। उन्होंने इसके लिए टीम का चयन भी उसी अनुसार किया था। इस बार मुकाबले में गोलकीपर पी आर श्रीजेश कप्तान होंगे जबकि एस वी सुनील और सरदार की टीम में वापसी हुई है। पाकिस्तान तीन बार (1978, 1980 और 1994) चैम्पियंस ट्राफी जीत चुका है। पाकिस्तान की टीम में भी अच्छे खिलाड़ी हैं। इस बार अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। टीम के कप्तान मोहम्मद रिजवान सीनियर 100 से ज्यादा व शफकत रसूल ने 190 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
