समस्तीपुर में दुल्हन संग सात गांवों में घूमी बारात, किया ये नेक काम

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक अजीबोगरीब विवाह देखने को मिला। अब तक आपने दुल्हन को सिर्फ सात फेरे ही लगाते हुए देखा होगा, लेकिन समस्तीपुर के मोहनपुर प्रखंड के रामचंद्रपुर दशहरा गांव में बारात संग दूल्हे ने सात गांवों में घूमकर सात पौधे लगाए तब जाकर कहीं विवाह संपन्न हुआ।
दरअसल इस गांव के युवाओं ने हरियाली के लिए एक मुहिम चला रखी है जिसके तहत इस गांव के लोग बेटियों के विवाह में पौधे लगाते हैं। लेकिन अब यह मुहिम बेटे के विवाह तक पहुंच गयी है।
रामचंद्रपुर दशहरा के कारू साह का 21 वर्षीय पुत्र संजीव साह दर्जनों बरातियों को लेकर मोहिउद्दीननगर प्रखंड के लखिंद्र साह की पुत्री समृता कुमारी को ब्याहने के लिए निकला और सात फेरे लेने के पहले सात गांवों में पौधे लगाये। दूल्हे के साथ सभी बराती भी साइकिल से निकल़े सभी की साइकिलों पर पौधे लदे थे। दशहरा गांव से निकलनेवाली यह अपनी तरह की पहली बरात थी।
दुल्हन के परिवार वालों को समझाने के लिए करनी पड़ी मशक्कत
संजीव साह के लिए अपने विवाह में इस प्रकार की नई रस्म का अपनाना आसान नहीं था। गांव के पर्यावरणसेवी युवक सुजीत भगत ने अपनी बहन के विवाह से पौधारोपण की जो पहल शुरू की थी, उसमें संजीव साह ने खास भूमिका निभायी थी।
जब सुजीत भगत के नेतृत्व में पर्यावरण और बेटी बचाने का संदेश लेकर रामचंद्रपुर दशहरा के 14 युवाओं के दल ने दिल्ली तक साइकिल यात्रा की थी, उसमें संजीव साह शामिल थे।
अपने विवाह की बारी आयी, तो संजीव के लिए अपने और दुल्हन के परिजनों को मनाना आसान नहीं था। विवाह में फिजूलखर्च पर नियंत्रण रखने के लिए दूल्हे ने तरीके बताये। सामान्य से भोज में केले के पत्ते और मिट्टी के बरतन में खान-पान परोसे जाने की जिद लड़की वालों को माननी पड़ी।
लड़कीवालों को बरातियों ने भेंट किए पौधे
साइकिल पर पौधे लादे हुए बरातियों के साथ दूल्हा जब ससुराल पहुंचा, तो यह अनोखी शादी देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी़ दूल्हे ने ससुराल में पौधे लगाने से पूर्व रास्ते भर पौधारोपण किया।
सात फेरे लेने से पूर्व बोथपुल, दशहरा, पीरगंज, कुरसाहा, बाकरपुर समेत सात गांवों में पौधे लगाये। दूल्हे के लाये गये पौधों के अतिरिक्त दुल्हन ने भी कई और पौधे लगाये. बरातियों ने अपने साथ ले गये पौधे लड़कीवालों को भेंट किये। पौधों और बेटी की रक्षा करने का वचन लिया।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
