गाजियाबाद में खुला सैनिटरी पैड बैंक, गरीब महिलाओं को मिलेगी मदद

जब से पैडमैन मूवी चर्चा में आई है तब से देश के अलग - अलग हिस्सों से सैनिटरी पैड को लेकर काम करने वाले लोगों और संस्थाओं की कई खबरें चर्चा में आईं। ऐसे कई लोग हैं जो महिलाओं की इस सबसे बड़ी समस्या को कुछ हद तक कम करने के लिए आगे आ रहे हैं। महिलाएं भी अब इस मुद्दे पर खुलकर बात करने लगी हैं।
कुछ ऐसा ही काम गाजियाबाद की कई महिलाओं ने मिलकर किया। इन महिलाओं ने एक पैड बैंक खोला है। यह बैंक सैनेटरी पैड जुटाकर उन्हें गांवों और कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाली जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाएगा। यह पहल महिलाओं के संगठन पिंकिश ग्रुप ने की है।
टाइम्स आॅफ इंडिया की खबर के मुताबिक, शुरुआत में इस बैंक की चार शाखाएं खोली गई हैं और शुरुआती दो दिनों में इस बैंक ने हजारों पैड जुटा लिए हैं। इसके लिए एक सिस्टम बनाया गया है। डोनेट करने वाले हर शख्स की डिटेल ऑनलाइन भरी जा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के अलावा पुरुष भी पैड दान दे रहे हैं।
पैड बैंक का हेड ऑफिस वसुंधरा में बनाया गया है। इसके अलावा क्रॉसिंग रिपब्लिक, कविनगर और इंदिरापुरम की ऑरेंज काउंटी में उप शाखाएं हैं। जरूरतमंद महिलाएं यहां से पैड ले सकती हैं। जिले में ब्रांच को लीड करने वाली पल्लवी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में इस तरह का यह पहला बैंक है।
शालिनी गुप्ता ने बताया कि पैड एकत्रित करने के लिए एक अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सभी चार बैंक में आसपास के गांवों और कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाली महिलाओं के पैड कार्ड बनाए जाएंगे। पैड लेने वाली महिलाओं की काउंसलिंग के साथ इसके प्रयोग के फायदों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्ड बनाने वाली महिलाओं को हर महीने पैड दिए जाएंगे। जिस महीने उनकी एंट्री नहीं होगी, एक टीम को उनके पास भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा, 'यह पहल उन महिलाओं के लिए है, जो जानकारी के अभाव में अपने स्वास्थ्य की देखभाल नहीं कर पातीं। हम लोग उनके पास जाएंगे और सैनेटरी पैड के उपयोग के फायदों के बारे में बताएंगे। पैड बैंक से बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।'
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
टेक्नोलोजी
अन्य खबरें
Loading next News...
