पेड़ों को काटें नहीं, उन्हें दूसरी जगह लगा दें, हैदराबाद का ये शख्स बताएगा तरीका

हर दिन तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण में हमारे अंदर अक्सर एक सवाल उठता है कि हम शहर के विकास को प्राथमिकता दें या पेड़ों को बचाएं? क्या विकास और अच्छा पर्यावरण एक साथ नहीं मिल सकता? हैदराबाद के रहने वाले रामचंद्र अप्पारी के पास इस बात का जवाब है। उनका कहना है कि किसी भी अपार्टमेंट या फ्लाइओवर को बनाने के लिए पेड़ को काटने के बजाय उसे बचाया जा सकता है।
38 साल के रामचंद्र ने ग्रीन मॉर्निंग हॉर्टीकल्चर सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी बनाई है जो पेड़ों के ट्रांसलोकेशन यानि एक जगह से हटाकर दूसरी जगह पर लगाने का काम करती है। ट्री ट्रांसलोकेशन एक प्रक्रिया है जिसमें पेड़ को काटने के बजाय उसे जड़ से उखाड़ लिया जाता है और फिर दूसरी जगह पर उसे जैसे का तैसा लगा दिया जाता है।


पुराना है तरीका
ट्री ट्रांसलोकेशन कोई नया तरीका नहीं है। मिस्र में 2000 ईसा पूर्व भी ये तरीका अपनाया जाता था लेकिन पिछले कुछ समय में पर्यावरण के प्रति लोगों की बढ़ती चिंता और जागरूकता से एक बार फिर ये तरीका सामने आया और लोगों के बीच पॉप्युलर हो गया। रामचंद्र बताते हैं कि जिन पेड़ों को स्थानांतरित करना होता है उन्हें पहले छांट दिया जाता है। पेड़ की लगभग 80 फीसदी पत्तियां, तना और बाकी हिस्सा काटा जाता है। इसके बाद पेड़ के चारो ओर एक खाई को खोदा जाता है। इस खाई की गहराई पेड़ की उम्र के हिसाब से तय होती है। इसके बाद पेड़ की जड़ों में कुछ केमिकल्स लगाए जाते हैं और उन्हें टाट के बोरे में लपेटा जाता है। इसके बाद क्रेन से वह पेड़ उठाया जाता है और उसे ट्रेलर पर रख दिया जाता है यहां से वह उस जगह पहुंचाया जाता है जहां उसे दोबारा लगाना हो। इसके बाद पेड़ को फिर से एक खाई में रखा जाता है और उसमें केमिकल्स डाले जाते हैं।

क्या बच जाते हैं पेड़
रामचंद्र बताते हैं कि उनकी कंपनी 90 प्रजातियों के 5000 पेड़ों को स्थानांतरित कर चुकी है। हर प्रजाति के लिए उसके बचने के चांसेज बराबर नहीं होते। मुलायम लकड़ी वाले पेड़ जैसे बरगद, पीपल, गुलमोहर आदि के बचने का चांस 90 फीसदी होता है वहीं कठोर लकड़ी वाले पेड़ जैसे नीम, इमली और सागौन आदि के पेड़ों के बचने का चांस 60 से 70 फीसदी तक होता है।

कितना खर्च आता है
कंपनी सरकारी संस्थानों के लिए काम तो करती है अगर कोई व्यक्तिगत रूप से ये काम कराना चाहे तो कंपनी उसके लिए भी तैयार रहती है। व्यक्तिगत रूप से काम कराने वाले ज्यादातर लोग पेड़ों को अपने फार्महाउस में ट्रांसलोकेट कराते हैं। पेड़ को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने और लगाने में क्या खर्च आएगा ये पेड़ के साइज़ पर निर्भर करता है। रामचंद्र बताते हैं कि इसकी शुरुआत 6 हज़ार रुपये से होती है लेकिन हम एक पेड़ के लिए 1.5 लाख रुपये भी चार्ज करते हैं। ऐसा नहीं है कि ये कंपनी सिर्फ हैदराबाद में ही काम करती है। पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने का काम दिल्ली, बेंगलुरू, विशाखापट्टनम और देश के बाकी कई शहरों में भी होता है।

कैसे हुई शुरुआत
रामचंद्र ने एग्रीकल्चर में मास्टर डिग्री ली है और एग्री बिजनेस में एमबीए किया है लेकिन कैंपस प्लेसमेंट में उनकी नौकरी एक प्राइवेट बैंक में लग गई। इस कंपनी में उन्होंने 4 साल काम किया लेकिन उनका मन यहां नहीं लगा। आठ साल तक एग्रीकल्चर की पढ़ाई करने के बाद उससे अलग कुछ करना उन्हें समझ नहीं आ रहा था, इसीलिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी।
2009 में रामचंद्र हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रहे थे जब उन्होंने देखा कि एक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जिसमें कई पेड़ों को काट दिया गया। यहीं से उनके मन में आया कि इन पेड़ों को कटने से बचाने का कोई तो तरीका होगा। इसके बाद उन्होंने ट्रांसलोकेशन के बारे में पढ़ा और अपने ऑस्ट्रेलिया के एक दोस्त से इसके बारे में समझा। पेड़ों का ट्रांसलोकेशन ऑस्ट्रेलिया में बहुत आम बात है। हालांकि हमें भारत की पर्यावरणीय परिस्थिति के हिसाब से खुद को ढालना था। इस काम में हमें कुछ मुश्किलें आईं। यहां मिट्टी बहुत सख्त है और विदेशों में जो मशीनरी यूज होती है वह पथरीली जमीन पर काम नहीं करती। हमें यहां वहां लटकने वाले बिजली के तारों से भी बचना था।

हैदराबाद मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के अंतर्गत जब काम शुरू हुआ तब रामचंद्र की कंपनी ने प्रस्तावित ट्रैक पर गिरने वाले पेड़ों को स्थानांतरित करने के लिए कहा। इस दौरान हमने 800 पेड़ों को एक जगह से हटाकर दूसरी जगह लगाया और इस दौरान हमारी कंपनी सबकी नज़रों में आ गई। रामचंद्र कहते हैं कि नए पौधे लगाना जरूरी है लेकिन पुराने पेड़ों को कटने से बचाना भी उतना ही ज़रूरी है। ट्रांसलोकेशन से पेड़ा 4 से 5 साल में फिर से पूरी तरह बड़ा हो जाता है।
वह कहते हैं कि अगर मैं 60 साल का हूं और अपने फार्महाउस में पेड़ लगवाना चाहता हूं तो वहां पौधे लगाकर दशकों तक इंतज़ार करने के बजाय मैं वहां पेड़ों को स्थानांतरित करवाऊंगा ताकि जल्द ही मेरे आसपास हरियाली हो।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
