डाकघरों में भी खुल गए हैं आधार केंद्र, मिलेंगी ये सुविधाएं

सरकार ने अभी 6,500 से ज्यादा डाकघरों में आधार नामांकन केंद्र बना दिया है। उसका कहना है कि जल्द ही करीब 13,000 डाकघरों में इसकी सुविधा होगी। सरकार विज्ञापनों के जरिए इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचा रही है। इन डाकघरों में आधार केंद्र पर कई सुविधाएं मिलेंगी।
अभी किन-किन डाकघरों में आधार कार्ड बनवाने या पुराने कार्ड में कुछ बदलाव करवाने की सुविधा उपलब्ध है, इसकी पूरी सूची uidai.gov.in पर उपलब्ध है। आप टोल फ्री नंबर 1947 पर कॉल करके भी निकटतम आधार केंद्र की जानकारी पा सकते हैं। कई बार आपसे पंजीकरण कराने वाला रुपये मांगता है लेकिन आप ये जान लें कि आधार रजिस्ट्रेशन बिल्कुल फ्री है। आधार डेटा को अपडेट करने का शुल्क 29.50 रुपये है जिसमें टैक्स भी शामिल है। पैसे देने के बाद रसीद लेना नहीं भूलें।
अगर आपको आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर को अपडेट कराना है तो इसके लिए निकटतम डाकघर स्थित आधार केंद्र जा सकते हैं। सभी डाकघरों में आधार रजिस्ट्रेशन और अपडेट की सुविधा है, जहां आधार केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा आप आधार में बाकी किसी भी तरह का अपडेशन इन आधार केंद्र पर जाकर करवा सकते हैं।
अगर शादी के बाद आपका नाम और पता चेंज हो गया है तो आपको उसके लिए कुछ डॉक्यूमेंट्स की ज़रूरत पड़ेगी। यूआईडीएआई पहचान के प्रमाण (आईडी प्रूफ) के रूप में 18 दस्तावजों एवं पते के प्रमाण (ऐड्रेस प्रूफ) के रूप में 35 डॉक्युमेंट्स स्वीकार करता है। आप नाम के लिए किसी एक पहचान प्रमाण पत्र एवं पता बदलवाने के लिए कोई एक ऐड्रेस प्रूफ दे सकते हैं। कौन-कौन से डॉक्युमेंट्स स्वीकार हो सकते हैं, इसकी जानकारी https://uidai.gov.in/images/commdoc/valid_documents_list.pdf से ले सकते हैं।
अगर आपके बच्चे का आधार कार्ड नहीं बना है तो आप यहां से वो भी बनवा सकते हैं। बच्चों का आधार नामांकन माता/पिता में से एक के आधार से जोड़ा जाता है। इसके लिए कोई एक संबंधित पहचान दस्तावेज (पीओआर) जैसे जन्मप्रमाण पत्र (बर्थ सर्टिफिकेट), पासपोर्ट आदि के साथ कोई भी आधार केंद्र जाएं। बच्चों के आधार में दो बार अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडटे की जरूरत होती है। पहली 5 वर्ष की आयु होने पर और दूसरी बार 15 वर्ष की आयु होने पर। दोनों अपडेट फ्री में होंगे। बायोमीट्रिक अपडेट के लिए अपने निकटतम पोस्ट ऑफिस में उपलब्ध आधार केंद्र पर जाएं। एक नवजात शिशु का भी आधार रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके लिए आप नजदीकी डाकघर में उपलब्ध आधार केंद्र जाएं।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
