कलराज मिश्र बने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, गुजरात भेजे गए आचार्य देवव्रत
अब तक भाजपा में कई अहम पदों पर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र को अब राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को अहम फैसला लिया और दो राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया। अभी तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे आचार्य देवव्रत का ट्रांसफर कर दिया गया है और उन्हें गुजरात का राज्यपाल बना दिया गया है। अब हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र को दी गई है।
यह भी पढ़ें: 10 जुलाई को अमेठी दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, करेंगे हार की समीक्षा
भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार कलराज मिश्र 2014 में बनी मोदी सरकार में मंत्री थे और वह उत्तर प्रदेश की देवरिया सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर आए थे। बता दें कि वर्तमान में गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली का कार्यकाल समाप्त हो गया है और शनिवार को उन्हें अहमदाबाद में विदाई दी गई है। ओपी कोहली 16 जुलाई, 2014 को गुजरात का राज्यपाल बनाया गया था, वहीं आचार्य देवव्रत 12 अगस्त, 2015 से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का पद संभाल रहे थे। अब आचार्य देवव्रत को बड़े राज्य की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली को कौन सी नई जिम्मेदारी दी जाएगी, अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है।
दिग्गज नेता है कलराज मिश्रा
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बनाए गए कलराज मिश्रा बीजेपी के वरिष्ठ दिग्गज नेताओं में शुमार किए जाते हैं। इस बार उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। इससे पहले वह तीन बार राज्यसभा के सांसद रहे। कलराज मिश्र 1978, 2001 और 2006 में राज्यसभा सांसद रहे और 2012 में लखनऊ से विधायक बने थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने देवरिया सीट से चुनाव लड़ा और वह जीते भी। नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में 2014 से 19 तक उनके पास सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार भी रहा।
इस सेक्शन की और खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...