यूपी में लोकतंत्र बचाने लाठी लेकर निकलीं 95 साल की जल देवी, लड़ेंगी चुनाव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टियों के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपने तरीके से चुनाव में अपनी छाप छोड़ने की पूरी तैयारी कर रखी है। ऐसी ही एक निर्दलीय उम्मीदवार ने पिछले दिनों आगरा के खैरागढ़ से अपना नामांकन किया।
95 साल की जल देवी ने भरा नामांकन
आपको बता दें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का पहला चरण 11 फरवरी से शुरू हो रहा है जो कि 7 चरणों में संपन्न होगा। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक महिला ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन किया है। महिला का नाम जल देवी है और उनकी उम्र 95 साल है।
भ्रष्टाचार जड़ से खत्म करना चाहती हैं जल देवी
आगरा की रहने वाली जल देवी ने 95 साल की उम्र में खैरागढ़ से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। 95 साल की अवस्था में भी जल देवी नामांकन को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, उनका एजेंडा है कि, वो भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दें। साथ ही उन्होंने कहा कि, उनकी विधानसभा में सारी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।
जल देवी पहले भी लड़ चुकी हैं चुनाव
आपको बता दें, 2016 में हुए जिला पंचायत चुनाव में भी जल देवी ने अपनी किस्मत आजमाई और बड़े अंतर से जीत भी दर्ज की। पंचायत चुनाव में भी 95 वर्षीय जल देवी ने विरोधियों को करीब 13 हजार वोटों से हराया था। जल देवी का कहना है कि मैं अपने साथ एक डंडा लेकर चलती हूं, चुनाव जीतने के बाद जो अधिकारी खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य नहीं करेगा, उससे मेरा यही डंडा बात करेगा।
व्हील चेयर पर अपने पुत्र राम नाथ सिकरवार और प्रस्तावकों के साथ नामांकन करने पहुंची। खैरागढ़ के 28 नंबर वार्ड से जिला पंचायत सदस्य जल देवी ने निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ने की हुंकार भरी है। नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन जल देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जल देवी से जब पूछा गया कि इस उम्र में किस तरह से चुनाव लड़ा जायेगा तो उनका कहना था कि चुनाव जनता के सहयोग और बुलंद हौसलों पर लड़ा जायेगा साथ ही पूर्व की ही भांति विरोधियों को चारों खाने चित किया जाएगा।
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...
