गुजरात में 60 साल बाद होगी सीडब्ल्यूसी की बैठक, प्रियंका करेंगी जनसभा
पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान संभालने वाली कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई हैं। यूपी में रोड शो करके राजनीति में एंट्री करने वाली प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। यूपी के कार्यकर्ताओं को खाद पानी देने के बाद अब वे अगले मिशन पर निकल पड़ी है। जी हां, प्रियंका गांधी गुजरात में एंट्री करने जा रही है और पहली बार 28 फरवरी को राहुल गांधी के साथ वहां पर जनसभा करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य में जाकर वह मोदी सहित बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधेंगी।
यह भी पढ़ें: सक्रिय राजनीति में प्रियंका की एंट्री, राहुल बोले- अब फ्रंटफुट पर खेलेंगे
गुजरात के अडाजल में करेंगी सभा
गुजरात में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए प्रियंका गांधी राहुल गांधी के साथ पहली बार यहां पर अडालज के त्रिमंदिर मैदान में महारैली करेंगी। यह रैली कांग्रेस की सर्वोच्च कार्यकारी इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की 28 फरवरी को अहमदाबाद में बैठक के बाद होगी। बता दें सीडब्ल्यूसी की 51वीं महारैली आगामी आम चुनावों से ठीक पहले प्रस्तावित की गई है। यह रैली आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखकर की जाएगी और इसमें चुनावी रणनीतियों और तैयारियों पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
60 साल बाद गुजरात में होगी बैठक
प्रियंका गांधी किस तरीके से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में लगी हुई है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुजरात में 60 साल बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक होने जा रही है। गुजरात में होने वाली बैठक में कांग्रेस का संपूर्ण नेतृत्व शामिल होगा। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के संसदीय दल के नेता मल्किार्जुन खड़गे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और प्रियंका गांधी भी शामिल होगी। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएंगी। यही नहीं यहां पर होने वाली रैली में प्रियंका और राहुल के अतिरिक्त सोनिया गांधी भी संबोधित करेंगी। बता दें कि सोनिया ने पहले पिछले साल नवंबर महीने में तेंलगाना में विधानसभा चुनावों के दौरान जनसभा की थी, इसके बाद अभी तक कोई जनसभा नहीं की है।
क्या है अडालज का इतिहास
आगामी 28 फरवरी को अडालज के मैदान पर होने जा रही कांग्रेस की रैली में एक साथ मां, बेटा और बेटी दिखेंगी। सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी तीनों ही जनसभा में लोगों को संबोधित करेंगी। बता दें इससे पहले राहुल गांधी ने 14 फरवरी को वलसाड जिले के आदिवासी लाल डूंगरी गांव में जनसभा करके लोकसभा चुनावों का आगाज कर दिया है। इसी गांव में उनकी दादी इंदिरा गांधी ने 1980 में, उनके पिता राजीव गांधी ने 1984 में और उनकी मां सोनिया गांधी ने 2004 में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की थी और सत्ता तकपहुंचीं थी। अहमदाबाद से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित अडालज कई चीजों के लिए प्रसिद्ध है। रूदाबाई नामक सीढ़ीदार कुएं के लिए प्रसिद्ध अडालज के इस कुएं को 1498 में वाघेला राजवंश के राणा वीर सिंह की याद में बनाया गया था। यहां पर त्रिमंदिर जैन, शैव और वैष्णव के साथ-साथ अन्य धर्मो के देवी-देवताओं की मूर्तियों का घर हैं।
इस सेक्शन की और खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...