महानति की अभिनेत्री को मिला बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब, रेखा की सौतेली मां पर बनी है फिल्म
तेलुगू फिल्म 'महानति' के लिए अभिनेत्री कीर्ति सुरेश को बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म ने सिर्फ साउथ में ही नहीं अमेरिका में भी काफी धूम मचाई थी। यह फिल्म 50 और 60 के दशक में दक्षिण भारत की बेहतरीन अभिनेत्री रहीं सावित्री के जीवन पर आधारित है।
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म 'महानति' ने शुरुआती 12 दिनों में 30 करोड़ 35 लाख रुपये का बिजनेस किया था। यही नहीं इस फिल्म ने अमेरिका में भी अच्छी कमाई की थी। 12 दिनों में फिल्म ने अमेरिका में 2.5 मिलियन डॉलर का कलेक्शन था। 'महानति' दक्षिण भारत की पहली ऐसी महिला प्रधान किरदार वाली फिल्म है जिसने अमेरिका में इतनी कमाई की। यही नहीं इस फिल्म के नाम एक और रिकॉर्ड जुड़ा और वे ये कि फिल्म ने रिलीज से एक दिन पहले ही पेड प्रीमियर से एक करोड़ 55 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। लेकिन इस सबके साथ ही ये फिल्म विवादों का भी हिस्सा बनी।
विवादों में भी रही महानति फिल्म
दक्षिण भारत की जानी मानी अभिनेत्री सावित्री के जीवन पर बनी फिल्म महानति के हिट होने के साथ ही अभिनेत्री रेखा और उनके परिवार की एक पुरानी तस्वीर वायरल हुई। अब आप सोच रहे होंगे कि भला फिल्म महानति का रेखा से क्या लेना देना, तो हम आपको बता दें कि ये फिल्म रेखा की सौतेली मां यानि सावित्री के जीवन पर ही आधारित है। सावित्री, रेखा के पिता जेमिनी गणेशन की तीसरी बीवी थीं, जबकि रेखा की मां, जेमिनी गणेशन की दूसरी बीवी थीं। अब आप जानिए कि आखिर विवाद क्या हुआ। जो तस्वीर इस फिल्म के रिलीज होने वक्त वायरल हुई वो तीन साल पहले की है। साल 2016 में चेन्नई में एक अस्पताल के उद्घाटन समारोह के दौरान ये तस्वीर ली गई थी, जिसमें रेखा अपनी छह बहनों के साथ दिख रही हैं। एक को छोड़ कर ये सभी रेखा की सगी बहनें नहीं हैं।
तस्वीर में आप जिन्हें देख रहे हैं वो हैं जयालक्ष्मी श्रीधर, रेवती स्वामीनाथन, कमला सेल्वराज, भानुरेखा, राधा उस्मान सैय्यद, नारायणी गणेशन और विजया चामुंडेश्वरी। इनमें से रेवती, कमला, जया और नारायणी , जेमिनी गणेशन की पहली पत्नी अलमेलु की बेटियां हैं। दूसरी पत्नी पुष्पवल्ली से दो बेटियां रेखा और राधा हैं जबकि सावित्री से विजया और एक बेटा सतीश कुमार हैं। तेलुगु फिल्म महानति की रिलीज के बाद ऐसी खबरें आई कि जेमिनी गणेशन की पहली पत्नी की बेटी कमला सेल्वराज इस बात से नाराज हैं क्योंकि इस फिल्म में उनके पिता जेमिनी गणेशन की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
यह भी पढ़ें : राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: 'अंधाधुन' बनी बेस्ट फिल्म, पढ़िए किन फिल्मों का रहा जलवा
जेमिनी की बेटी कमला ने एक उस वक्त एक अखबार से हुई बातचीत में कहा था कि इस फिल्म को देखकर आप हैरान हो जाएंगे कि वास्तविकता कहां खत्म होती है और फिक्शन कहां शुरू होता है। यह जेमिनी के बच्चों के साथ अन्याय है और हमारे पिता को बदनाम करने की कोशिश। उन्होंने यह भी कहा था कि यह फिल्म सावित्री के एकतरफा महिमामंडन की कहानी है।
हिंदी फिल्मों में भी किया काम
सावित्री का 45 वर्ष की उम्र में 1981 में निधन हो गया था। उन्हें चिवराकु मिग्लेंदी फिल्म के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार दिया गया था। उन्होंने मधुबाला के साथ ‘बहुत दिन हुए’, मनोज कुमार के साथ घर बसा के देखो, बलराम श्रीकृष्ण और गंगा की लहरें नाम की हिंदी फिल्मों में भी काम किया। सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्होंने तमिल के जाने माने अभिनेता जैमिनी गणेशन से शादी की थी। अब उनकी जिंदगी पर बनी फिल्म महानति की अभिनेत्री कीर्ति सुरेश को अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल गया है और वह 2018 की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुनी गईं।
संबंधित खबरें
सोसाइटी से
अन्य खबरें
Loading next News...