
कगंना रनौत और जावेद अख्तर के बीच लंबे समय से चला आ रहा मानहानि वाला मामला खत्म हो गया है। कंगना रनौत ने ये तस्वीर अपने इंस्टाग्रामा पर शेयर करते हुए लिखा है कि जावेद अख्तर संग जो मानहानि वाला मामला चल रहा था उसे मध्यस्थता के ज़रिए सुलझा लिया गया है। जावेद अख्तर ने बहुत शालीनता दिखाई और वो कंगना रनौत के निर्देशन में बनने वाली नेक्स्ट फ़िल्म के लिए गाने लिखने को भी तैयार हो गए हैं।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘जावेद जी और मैंने अपने कानूनी मामले (मानहानि केस) को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझा लिया है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘मध्यस्थता में गीतकार बहुत दयालु और उदार रहे, उन्होंने मेरे अगले निर्देशन के लिए गाने लिखने पर भी सहमति जताई है।’
कोर्ट ने कंगना को दिया था ‘आखिरी मौका’
28 फरवरी को एक्ट्रेस को मुंबई की एक अदालत के बाहर देखा गया। कंगना ने इस दौरान एक साधारण गुलाबी साड़ी में देखा गया। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले, मुंबई की एक अदालत ने कंगना को ‘आखिरी मौका’ दिया था, इससे पहले कि उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जाए, क्योंकि उन्होंने और अख्तर के बीच लंबे समय से चल रहे मानहानि मामले को सुलझाने के लिए मध्यस्थता बैठक को छोड़ दिया था।
ये था मामला
मालूम हो कि जावेद अख्तर और कंगना रनौत के बीच साल 2016 में विवाद शुरू हुआ था। उस वक्त कंगना रनौत और ऋतिक रोशन का मुद्दा चल रहा था और उनके ईमेल सुर्खियां बटोर रहे थे। चूंकि, जावेद अख्तर, ऋतिक रोशन के परिवार के करीबी हैं, इसलिए तब उन्होंने कंगना को अपने घर बुलाया था। उन्होंने कंगना से कहा था कि वो ऋतिक से माफी मांग लें।
कंगना ने उस वक्त तो इस बारे में कोई बात नहीं की। लेकिन साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना ने कई बॉलीवुड सेलेब्स पर गंभीर आरोप लगाए। उसी दौरान उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू में जावेद अख्तर वाली बात को उठाया। कंगना ने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर ने उन्हें घर बुलाकर धमकी दी थी कि अगर उन्होंने ऋतिक को तंग किया तो वह छोड़ेंगे नहीं।