
एक लड़का था आपके ऑफिस में। वो शायद बहुत बीमार था। उसका क्या हुआ?” इरफ़ान खान ने पत्रकार पैट्सी एन से पूछा। पैट्सी ने इरफ़ान को बताया कि उस लड़की की मृत्यु हो गई है। वो सुनकर इरफ़ान को बहुत बुरा लगा। उन्होंने पैट्सी से पूछा कि उसकी फैमिली का क्या हुआ? कुछ पता है उसकी फैमिली के बारे में? जवाब में पैट्सी ने इरफ़ान को बताया कि वो उसी लड़के की पत्नी हैं। उस लड़के यानि पैट्सी के पति का नाम था अंजुम एन, जिनकी मौत एड्रेनल कैंसर से हुई थी। अंजुम एन. को इरफ़ान साल 2003 से जानते थे। उस वक्त पहली दफ़ा अंजुम ने इरफ़ान खान का इंटरव्यू किया था। और उस वक्त अंजुम कैंसर की चौथी स्टेज पर थे। और लगभग एक साल बाद, 2004 में अंजुम एन की मृत्यु हो गई।
पति अंजुम एन की मृत्यु के बाद पैट्स एन. ने रेडिफ डॉट कॉम में नौकरी करना शुरू कर दिया। और साल 2005 में वो पहली दफ़ा इरफ़ान खान से उनकी फिल्म चॉकलेट के बारे में इंटरव्यू करने के लिए मिली थी। ये वाक्या तभी का है। जब पैट्सी ने इरफ़ान को बताया था कि वो अंजुम एन की पत्नी हैं तो इरफ़ान ने दुख जताते हुए पैट्सी से कहा था कि अगर उन्हें कभी भी कोई परेशानी हो तो वो बेझिझक उनसे संपर्क कर सकती हैं। जब साल 2020 में इरफ़ान की मृत्यु हुई थी तब पैट्सी एन ने इरफ़ान को श्रद्धांजलि देते हुए इन सभी बातों का ज़िक्र अपने एक लेख में किया था। उस लेख में पैट्सी ने ये भी बताया था कि उनके पति अंजुम ने इरफ़ान से अपनी मुलाकात के बारे में उन्हें क्या बताया था।
पैट्सी के मुताबिक, जिस वक्त अंजुम इरफ़ान से मिले थे उस वक्त उनकी कीमोथैरेपी चल रही थी और उनके सिर के बाल उड़ चुके थे। जब अंजुम इरफ़ान का इंटरव्यू करने पहुंचे थे तब इरफ़ान किसी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। उसी फिल्म के सेट पर इरफ़ान ने अंजुम को इंटरव्यू दिया था। उस वक्त इरफ़ान लंच करने जा रहे थे। सो उन्होंने अंजुम को भी लंच ऑफर किया और लंच के दौरान ही इरफ़ान ने अंजुम को इंटरव्यू दिया था। लेकिन इंटरव्यू शुरू होने से पहले अंजुम का गंजा सिर देखकर इरफ़ान ने उनसे पूछा था कि क्या तुम्हारे घर में किसी की मृत्यु हुई है? अंजुम ने बताया कि नहीं, उनके घर में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। इरफ़ान ने तब पूछा कि फिर तुमने अपना सिर शेव क्यों किया है?
पैट्सी लिखती हैं कि चूंकि अंजुम किसी को ये नहीं बताते थे कि उन्हें कैंसर हुआ है तो उन्होंने इरफ़ान को सिर्फ इतना ही बताया कि मैं बीमार हूं। इसलिए मैंने सिर को शेव किया है। वो सुनकर इरफ़ान ने कहा,”मुझे लग ही रहा था। कोई मदद चाहिए हो तो बताना मुझे।” इरफ़ान ने इससे आगे अंजुम से कुछ नहीं पूछा। और ना ही अंजुम ने उन्हें बताया कि उन्हें क्या बीमारी है। शायद इरफ़ान को आभास हो गया था कि अंजुम को कौन सी बीमारी हुई होगी। उसके बाद इरफ़ान की मुलाकात अंजुम से कभी नहीं हुई। मगर दो साल बाद जब वो रेडिफ डॉट कॉम की पत्रकार पैट्सी एन से मिले तो उन्होंने अंजुम के बारे में सवाल किया। यानि अंजुम इरफ़ान को अच्छी तरह याद थे। और इत्तेफ़ाक से दो साल बाद वो अंजुम एन. की पत्नी पैट्सी एन. से मिले थे।
आगे पैट्सी लिखती हैं कि इरफ़ान खान कई मायनों में उनके जीवन का एक अहम हिस्सा थे। उनके पति अंजुम एन इरफ़ान के बड़े फैन थे। अपने पति के साथ पैट्सी एन. ने जो आखिरी फिल्म सिनेमाघर में साथ देखी थी वो थी इरफ़ान खान की हासिल। जब उन्हें खबर मिली थी कि इरफ़ान को कैंसर है तो वो पुरानी यादें फिर से ताज़ा हो गई थी। उस पहली मुलाकात के बाद पैट्सी ने इरफ़ान खान का कई दफ़ा इंटरव्यू किया था। और इरफ़ान से उनकी बहुत अच्छी जान-पहचान हो गई थी। जब पैट्सी को इरफ़ान खान की मृत्यु की खबर मिली थी तो वो भी अपने आंसुओं पर काबू नहीं कर सकी थी।