Posted by: Team IndiaWave Last updated on : January 09, 2019

राहत: देश में कम होता है कीटनाशकों का इस्तेमाल, दूसरे देशों में स्थिति गंभीर

फसलों में कीटनाशकों का चलन बीते एक दशक के दौरान काफी तेजी से बढ़ा है। कीटों से फसल को बचाने के लिए बड़ी संख्या में किसान कीटनाशक का प्रयोग करते हैं। हालांकि कीटनाशकों के ज्यादा प्रयोग पर सरकार चिंता भी जाहिर करती रहती है। कृषि मंत्रालय देश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों को कीटनाशकों के कम प्रयोग के लिए जागरूक भी करता है। कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार भारत में दूसरे देशों की तुलना में सबसे कम कीटनाशकों का प्रयोग किया जाता है।

यह भी पढ़ें : अमेरिकी केंचुआ फेल, मिट्टी की कमान संभालेगा देसी गोपाला

दूसरे देशों के मुकाबले कई गुना कम प्रयोग

कृषि मंत्रालय के आंकड़ों पर गौर करें तो अमेरिका, यूरोप, जापान और कोरिया की अपेक्षा भारत में प्रति हेक्टेयर कीटनाशक की खपत कई गुना कम है। भारत में जहां प्रति हेक्टेयर 0.5 किलोग्राम कीटनाशक का प्रयोग किया जाता है। वहीं, अमेरिका में 7 किलोग्राम कीटनाशक प्रति हेक्टेयर, यूरोप में 2.5 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर, जापान में 12 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर और कोरिया में 6.6 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर कीटनाशक का प्रयोग किया जाता है। अगर तुलना की जाए तो भारत में कीटनाशक का प्रयोग काफी कम है।

यह भी पढ़ें: फायदे का सौदा साबित हो रही कड़कनाथ फार्मिंग, लाखों में कमाई

रिपोर्ट में सबकुछ अच्छा नहीं

कीटनाशकों का भारत में सबसे कम प्रयोग होना काफी राहत भरी बात है, लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि यहां प्रतिबंधित कीटनाशकों का प्रयोग खतरे की घंटी हो सकता है। किसान फसल की पैदावार को बढ़ाने के लिए प्रतिबंधित कीटनाशकों का प्रयोग करते हैं। इससे लोगों की सेहत खतरे में रहती है। प्रतिबंधित कीटनाशकों के प्रयोग से पेट दर्द, सिरदर्द व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां भी हो रही हैं। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के हिसाब से विश्व में एक या उससे ज्यादा देशों द्वारा प्रतिबंधित कीटनाशकों का खुलेआम उपयोग भारत में किया जाता है। ऐसे कुल 66 कीटनाशक हैं जिन पर अन्य देशों ने रोक लगा रखी है, लेकिन भारत में इनका प्रयोग किया जा रहा है, जो कि बेहद खतरनाक है।

यह भी पढ़ें:- छोटे किसानों को फायदा पहुंचाने की तैयारी में मोदी सरकार